कांग्रेस ने किया सेना का अपमान

Last Updated 29 Mar 2019 04:11:33 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्जिकल और एयर स्ट्राइक को लेकर कांग्रेस और अन्य दलों पर करारे हमले किए। उन्होंने कहा कि सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाकर विपक्ष ने सैनिकों को नीचा दिखाने का प्रयास किया है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (file photo)

सेनाध्यक्ष के खिलाफ अपशब्द कहे गए। कांग्रेस शासन में सेना को समय पर आधुनिक हथियार और बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं दिए गए। पूर्व सैनिकों की मांग वन रैंक वन पेंशन भी पूरी नहीं की गई। श्री मोदी ने दावा किया कि इस चुनाव में भी उनके काम पर वोटों की बरसात होगी। प्रधानमंत्री ने सैनिक बहुल उत्तराखंड को पांचवें सैनिकधाम की संज्ञा देते हुए कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है। यहां का हर दूसरा घर सेना से जुड़ा है। यहां भारतीय सैन्य अकादमी है। कुमाऊं, गढ़वाल और गोरखा रेजिमेंट भी यहीं है।
बृहस्पतिवार को रुद्रपुर के मोदी मैदान में आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 45 मिनट तक कांग्रेस पर हमले किए। उन्होंने सर्जिकल व एअर स्ट्राइक के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की कमजोर इच्छाशक्ति और राज्य एवं केंद्र की कांग्रेस सरकारों के घोटालों को उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की चौथी पीढ़ी भी गरीबी हटाओ के नाम पर वोट मांग रही है। सच तो यह है कि कांग्रेस को हटाने से गरीबी हट जाएगी। श्री मोदी ने कहा कि उनको उत्तराखंड आना अच्छा लगता है। इसलिए वह यहां बार-बार आते हैं। (जबले देवभूमि उत्तराखंड में उनू यहां भल लागे..)।

इस राज्य से गंगा, यमुना और भागीरथी निकलती हैं। पंच प्रयाग यही हैं और चारधाम भी। यहां पांचवां धाम सैनिकधाम है। उन्होंने शहीद ऊधमसिंह को भी याद किया। उन्होंने भाषण के दौरान तीन बार उत्तराखंड की धरती को नमन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने केंद्र और राज्य में कांग्रेस सरकारें देखी हैं। उस समय यहां की सड़कों में गड्ढे ही गड्ढे थे। ग्रामीणों की नियति पैदल चलने की बन गई थी। केवल खनन और आबकारी घोटालों की चर्चा होती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा वादाखिलाफी करती है। इस चौकीदार ने विकास को कोने-कोने तक पहुंचाया है। श्री मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नैनीताल संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके पास दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने के अलावा कोई काम नहीं था। इस कारण उत्तराखंड से पलायन बढ़ा। उनको केवल एक परिवार के रोजगार की चिंता थी।
2017 के बाद भाजपा सरकार ने विकास कायरे में तेजी दिखाई है। 600 किमी से ज्यादा हाईवे बन रहा है। आल वेदर सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम शुरू हो गया है। नमामि गंगे योजना द्वारा गंगा सफाई की परियोजना चल रही है। प्रधानमंत्री ने ऊधमसिंह नगर औद्योगिक आस्थान को भी अपनी सरकार की देन बताया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सर्जिकल स्ट्राइक, एअर स्ट्राइक पर सवाल उठाने, सेनाध्यक्ष को गाली देने और वायुसेना की करामात को झूठ बताने वालों को जवाब देना है। मोदी ने कहा कांग्रेस राज में मामा-भांजा देश की सुरक्षा के नाम पर दलाली करते रहे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राफेल खरीदने का काम किया है। कांग्रेस शासन में खरीदे गए हेलीकाप्टर घोटाले पर मामा रोज नए राज उगल रहा है।
बोफोर्स घोटाला सबके सामने है। आज विमान व आधुनिक तोपों का निर्माण भारत में हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2022 तक हरेक भारतीय को पक्का घर मिलेगा। उन्होंने रुद्रपुर में मेडिकल कालेज बनाने का भरोसा दिया। इसके साथ श्री मोदी ने भाजपा प्रत्याशी को जिताने की भी अपील की। इससे पहले प्रधानमंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने स्वागत किया। सभा का संचालन प्रदेश महामंत्री गजराज सिंह बिष्ट ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री थावर चंद्र गहलौत, श्याम जाजू, कार्यकारी अध्यक्ष नरेश बंसल, विजय बहुगुणा, यशपाल आर्य, अरविंद पांडे, डा. धन सिंह रावत आदि मौजूद थे। 

सहारा न्यूज ब्यूरो
रुद्रपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment