भारत-मॉरीशस द्विपक्षीय वार्ता: वाराणसी में PM मोदी बोले- भारत-मॉरीशस पार्टनर नहीं, परिवार; कई मुद्दों पर हुई चर्चा

Last Updated 11 Sep 2025 03:23:29 PM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरूवार को मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ व्यापक वार्ता के बाद कहा कि भारत और मॉरीशस स्थानीय मुद्राओं में द्विपक्षीय व्यापार को सक्षम बनाने की दिशा में काम करेंगे।

मोदी ने मीडिया को दिए बयान में दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत और मॉरीशस दो देश हैं, लेकिन उनके सपने और नियति एक हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक मुक्त, खुला, सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध हिंद महासागर भारत और मॉरीशस दोनों की साझा प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, ‘‘इस संदर्भ में, भारत मॉरीशस के विशेष आर्थिक क्षेत्र की सुरक्षा और समुद्री क्षमता को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भारत हमेशा हिंद महासागर क्षेत्र में सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाले और व्यापक सुरक्षा प्रदाता के रूप में खड़ा रहा है।’’

मोदी ने चागोस द्वीप की संप्रभुता मॉरीशस को सौंपे जाने के लिए हुए समझौते पर रामगुलाम और मॉरीशस के लोगों को बधाई दी और इसे द्वीपीय राष्ट्र की संप्रभुता की ‘ऐतिहासिक जीत’ बताया। उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने हमेशा से उपनिवेशवाद के उन्मूलन और मॉरीशस की संप्रभुता की पूर्ण मान्यता का समर्थन किया है। और इस मामले में, भारत मॉरीशस के साथ मजबूती से खड़ा है।’’

मई में, ब्रिटेन ने एक ऐतिहासिक समझौते के तहत डिएगो गार्सिया के उष्णकटिबंधीय प्रवालद्वीप सहित चागोस द्वीप समूह की संप्रभुता मॉरीशस को सौंपने का फैसला किया। ब्रिटेन 50 से अधिक वर्षों के बाद इन द्वीपों पर अपना अधिकार छोड़ रहा है।इस समझौते के तहत, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण डिएगो गार्सिया की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ब्रिटेन की होगी।

इससे पहले उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। हवाई अड्डे से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे। यहां से ताज होटल के लिए निकले प्रधानमंत्री के काफिले का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं व आमजन ने शंखनाद, हर-हर महादेव के जयकारों के साथ पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। मार्ग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए कलाकारों ने भी प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मोदी ने भी हाथ हिलाकर काशीवासियों का अभिवादन किया।

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे मार्ग को सजाया गया था। छह स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिधियों ने मंच बनाकर प्रधानमंत्री पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की। कई महिला कार्यकर्ताओं को ‘‘प्रधानमंत्री जिंदाबाद’’ के नारे लगाते भी देखा गया।पुलिस लाइन से ताज होटल तक रोड शो जैसा नजरा देखा गया जहां सड़क के दोनों ओर बड़ी तादाद में खड़े काशीवासियों ने प्रधानमंत्री मोदी पर पुष्पवर्षा भी की। कचहरी, आंबेउकर चौराहा समेत कई स्थानों पर लोकनृत्य समेत अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

जीएसटी में सुधार के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचे प्रधानमत्री का आभार जताने के लिए मार्ग में जीएसटी और धन्यवाद लिखी तख्ती लेकर भाजपा कार्यकर्ता खड़े रहे।

डॉ. रामगुलाम बुधवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने उनका स्वागत किया।

रामगुलाम वर्तमान में 9 से 16 सितंबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं। यह रामगुलाम की उनके वर्तमान कार्यकाल में भारत की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।वह अयोध्या और तिरुपति भी जाएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने मार्च में मॉरीशस की यात्रा की थी।

 

भाषा
वाराणसी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment