SP अध्यक्ष का बयान, छह करोड़ लोगों का अपमान : CM योगी

Last Updated 08 May 2023 04:26:17 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 2017 के पहले किसी भी शहर में कूड़े का डंप पड़ा रहता था यानि शहर की पहचान कूड़े के ढेर से दिखाई देती थी। आपने आज सपा मुखिया का बयान पढ़ा होगा। वे कहते हैं कि नगर निगम चुनाव में हमारी रूचि इसलिए नहीं है, क्योंकि यह कूड़ा उठाने का चुनाव है। यानी कूड़ा उठाना उनके प्रतिष्ठा के विपरीत है।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

एक व्यक्ति, जो उत्तर प्रदेश जैसे राज्य का मुख्यमंत्री रहा हो, उनके द्वारा यह हल्के शब्द का इस्तेमाल करना नगरीय क्षेत्र में रहने वाले छह करोड़ लोगों का अपमान है। उन्होंने कहा, यह कूड़ा नहीं, सपा-बसपा के कचड़े, गंदगी, अराजकता, अवसरवादिता को साफ करने का चुनाव है। मुख्यमंत्री सोमवार को बाराबंकी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को डबल इंजन की सरकार प्रदेश में अपना मिशन बनाकर तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग तुष्टिकरण की नीति पर चलकर समाज को जाति के आधार पर बैठते थे। इतना ही नहीं, परिवार विशेष को लूट करने की छूट देते थे। सबका साथ और सबके विकास की भावना के साथ आज बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। हमने तुष्टिकरण को पनपने नहीं दिया, बल्कि समाज के सशक्तिकरण पर ध्यान दिया और आज उसके परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1947 में जब देश आजाद हुआ था तब हम लोग आजादी का जश्न नहीं देख पाए थे क्योंकि उस समय की सरकार ने जनमानस को इससे जोड़ने का कितना प्रयास किया था, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर भारतवासी को आजादी के अमृत महोत्सव के साथ जोड़ने का कार्य किया गया। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आजादी के अमृत काल के प्रथम वर्ष में दुनिया के 20 बड़े देशों, जहां दुनिया की 65 फीसदी आबादी रहती है, जिनका दुनिया का 50 फीसदी संसाधनों पर अधिकार है, उनके पास दुनिया के 90 फीसदी से अधिक पेटेंट का अधिकार है, ऐसे देशों के समूहों की अध्यक्षता आज भारत कर रहा है। इतना ही नहीं रुस और यूक्रेन युद्ध के समय भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं सूडान में आंतरिक संघर्ष के कारण व्यापक पैमाने पर कत्लेआम हो रहे थे तो इस दौरान भारत दुनिया का अकेला देश था, जिसने ऑपरेशन कावेरी चला करके अपने नागरिकों को सुरक्षित निकाला।

सीएम योगी ने कहा कि आज देश के करोड़ों लोगों को फ्री में आवास, शौचालय, रोजगार के लिए युवाओं को स्किल डेवलपमेंट स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया और स्किल इंडिया के साथ जोड़ने का काम किया जा रहा है। देश के करोड़ों लोगों के जन धन अकाउंट खोले गये। पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा का कवर दिया जा रहा है। कोरोना कालखंड से लेकर अब तक 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन, 220 करोड़ वैक्सीन की डोज फ्री में उपलब्ध कराई गए हैं। प्रदेश के अंदर भी करोड़ों लोगों को गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव दिया जा रहा है।

आईएएनएस
बाराबंकी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment