लखनऊ के लेवाना होटल में लगी भीषण आग, 20 से ज्यादा लोगों के फंसे, दो की मौत

Last Updated 05 Sep 2022 09:58:33 AM IST

उत्तर प्रदेश की राजधानी के हजरतगंज इलाके के लेवाना होटल में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। आग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।


लखनऊ के लेवाना होटल में लगी भीषण आग

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि इलाज के दौरान दो महिलाओं की जलने से मौत हो गई है। आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है।

कर्मचारियों और मेहमानों समेत कई लोग झुलस गए हैं। दमकल की गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से बचाव कार्यो की निगरानी करने और पीड़ितों को उचित उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया है।

दमकल विभाग के कर्मियों ने होटल के अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए शीशे तोड़े। कमरों में धुआं भर जाने से होटल में ठहरे लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

20 से अधिक लोग अभी भी अंदर फंसे हुए थे।

एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया है और आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।

होटल तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कत हो रही है।

आग कैसे लगी इसका अभी पता नहीं चल पाया है।


यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली उन्होंने मामले का संज्ञान लिया है और घायलों की उचित मदद करने का निर्देश दिया है। जानकारी के मुताबिक होटल की तीसरी मंजिल पर आग लगी थी। हजरतगंज इलाके के फायर ऑफिसर ने बताया कि अब तक 18 लोगों को निकाल लिया गया है।

रेस्क्यू किए गए लोगों को अस्पताल भेजा गया है। होटल की चौथी मंजिल में फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं झुलसे हुए लोगों को अस्पताल ले जाने के लिए चार एंबुलेंस बुलाई गई है।

बताया जा रहा है कि होटल में आग के धुंआ से दम घुटने के कारण भी कई लोग बेहोश हो गए हैं।

आईएएनएस/एजेंसियां
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment