भाजपा की लूट नीति खत्म करेंगे : प्रियंका

Last Updated 28 Nov 2021 01:44:50 AM IST

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को लड़की हूं, लड़ सकती हूं के नारे के उद्घोष के साथ कहा कि भाजपा की नई खनिज नीति, किसानों की दुर्दशा, पानी की समस्या, बेरोजगारी व महंगाई के चलते बुंदेलखंड का बुरा हाल है।


कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा

प्रियंका ने दावा किया कि हम भाजपा की लूट वाली नीति को खत्म करेंगे।

प्रियंका गांधी ने यहां छत्रसाल स्टेडियम में प्रतिज्ञा रैली में वादा किया कि उत्तर प्रदेश में यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा और महिलाओं को साल में तीन घरेलू गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे।

 

उन्होंने कहा,

कोरोना काल में आर्थिक तंगी के चलते बिजली बिल न जमा करने वालों का बिजली बिल भी माफ होगा।

बुंदेलखंड के किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि बुंदेलखंड के संसाधनों पर बुंदेलखंड के लोगों का हक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बुंदेलखंड को छलने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि खाद की कमी के चलते बुंदेलखंड में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा पर किसानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए दावा किया कि दो सालों में 1500 किसानों ने आत्महत्या की।

बुंदेलखंड के विकास के लिए काम करने का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की तरह चुनावी बुंदेलखंड विकास बोर्ड नहीं, बल्कि इसके लिए स्थाई बुंदेलखंड विकास बोर्ड बनेगा। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के लिए हर साल विकास का बजट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोबा में वीर आल्हा-ऊदल के नाम पर एक बड़ा सांस्कृतिक केंद्र बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि हमने छुट्टा जानवरों के लिए छत्तीसगढ़ के मॉडल को लागू करने की योजना बनाई है और हमारी सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ मॉडल यहां लागू करेंगे। कांग्रेस महासचिव ने भरोसा दिया, हमने ये भी तय किया है कि जिन परिवारों को सबसे ज्यादा आर्थिक मार कोरोना की पड़ी है, जिनके छोटे-छोटे कारोबार बंद हुए, उनको 25000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

साथ ही यह भी कहा कि हमने यह भी तय किया कि 20 लाख सरकारी रोजगार देंगे और हमारी सरकार बनने के बाद कोई भी बीमारी हो तो 10 लाख रुपए तक का इलाज सरकार करवाएगी।

भाषा
महोबा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment