भाजपा से ऊब चुकी है उप्र की जनता, सपा की जीत तय

Last Updated 14 Nov 2021 02:17:56 AM IST

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र में ही लोग विकास के नाम पर खुद को छला हुआ महसूस कर रहे हैं और 2022 में बदलाव अब गोरखपुर से ही होता दिख रहा है।


सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

अखिलेश ने यहां पहुंची सपा की विजय रथ यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार से जनसैलाव सपा की जनसभाओं में उमड़ रहा है, वह इस बात का प्रतीक है कि जनता अब भाजपा से ऊब चुकी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी से गोरखपुर वालों को बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन योगी के साढ़े चार साल के शासन में अब गोरखपुर ही नहीं पूरे राज्य की जनता महसूस कर रही है कि उसके साथ छलावा किया गया है। 

उन्होंने 2022 में सत्ता परिवर्तन के बाद सपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि गोरखपुर से ही बदलाव का शंखनाद होगा। किसानों के आंदोलन की चर्चा करते हुए अखिलेश ने कहा कि यह सरकार जिस प्रकार से किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है, वह इस बात का द्योतक है कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को मुंहतोड़ जबाव देगी।

सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार साढ़े चार साल में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने जनसमूह से पूछा कि क्या किसी ने कल्पना की थी कि किसानों को गाड़ी से कुचला जाएगा?

उन्होंने कमर तोड़ महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में गरीबों की जेब काट कर अमीरों की जेब भरी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री अपने नाम के पत्थर लगवाकर चाहे जितना  खुश हों ले मगर जनता समझ चुकी है कि भाजपा सरकार उसे धोखा दे रही है तथा  उनके साथ छल कर रही है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
गोरखपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment