यूपी के फतेहगढ़ जिला जेल में बवाल

Last Updated 08 Nov 2021 02:01:19 AM IST

उत्तरप्रदेश के फरुखाबाद के जिला जेल फतेहगढ़ में एक बंदी की डेंगू से हुई मौत के बाद रविवार तड़के आक्रोशित बंदियों ने जमकर बवाल किया।


यूपी के फतेहगढ़ जिला जेल में बवाल

बंदियों ने पथराव करते हुए जेल स्थित अस्पताल परिसर में आग लगा दी। पुलिस व बंदियों के बीच हुई झड़प के दौरान डिप्टी जेलर, सीओ समेत 30 पुलिसकर्मियों घायल हो गए, जबकि कई बंदियों को भी चोटें आई। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक बंदी की उपचार के दौरान मौत हो गई।

जिला जेल में बंद संदीप यादव की एक दिन पूर्व डेंगू से मौत हो गई थी। उसके उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बंदियों ने रविवार तड़के लगभग सात बजे जेल पहुंचे डिप्टी जेलर का घेराव कर दिया। इस दौरान बंदी रक्षकों व बंदियों में झड़प शुरू हो गई।

बंदियों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प में चोरी के मामले में बंद शिवम राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने डिप्टी जेलर पर गोली मारने का आरोप लगाया। स्थिति नाजुक होने के चलते उसे मेडिकल कॉलेज सैफई रिफर कर दिया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

उधर, शिवम के घायल होने के बाद भड़के बंदियों ने डिप्टी जेलर पर हमला बोल दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही डीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस के पहुंचने के पहले ही बंदियों ने जेल परिसर को अपने कब्जे में ले लिया और बैरकों की छतों पर चढ़कर जमकर पथराव किया। इसी दौरान बंदियों के एक गुट ने जेल के अस्पताल परिसर में आग लगा दी और तन्हाई बैरक को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

सहारा न्यूज ब्यूरो
फरुखाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment