डीजल-पेट्रोल मूल्य वृद्धि के खिलाफ सपा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया लाठी चार्ज

Last Updated 26 Jun 2020 05:58:48 PM IST

डीजल और पेट्रोल के लगातार बढ़ते दाम के विरोध में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी(सपा) के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। विधान भवन के सामने प्रदर्शन करने जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पहले रोकने का प्रयास किया।


लेकिन वे सड़क जाम करने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने जमकर लाठी चार्ज कर दिया। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष अनीस राजा के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के सामने विरोध प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इस लाठीचार्ज में सपा के कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ता पेट्रोल और डीजल के बढ़े हुए दामों के खिलाफ लगातार नारेबाजी कर रहे थे।

विधानसभा के सामने लोकभवन में नौकरशाहों की गाड़ियां लगातार आ रही थीं। तभी हजरतगंज चौराहे की ओर से लाल टोपी और सफेद कुर्ता-पायजामा में कुछ युवा सपा कार्यकर्ता भाजपा सरकार के विरोध में नारे लगाते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए। जब तक कोई कुछ समझ पाता सबके हाथों में तख्ती और बैनर नजर आने लगे और कार्यकर्ता बीच सड़क पर पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धी के खिलाफ धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते अशोक मार्ग जाम होने लगा। सड़क से सपाइयों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया, और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।
 

आईएएनएस
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment