सिंगर कनिका कपूर भी कोरोना वायरस से संक्रमित

Last Updated 20 Mar 2020 03:26:53 PM IST

हिंदी फिल्मों की गायिका कनिका कपूर के भी कोरोना वायरस की चपेट में आ जाने से राजधानी लखनऊ में इससे पीड़ित लोगों की संख्या आठ हो गयी जबकि पूरे राज्य में यह संख्या अब 23 है।


कनिका कपूर (फाइल फोटो)

गायिका कनिका हाल ही में लंदन से लौटी थीं और उन्होंने पिछले रविवार को लखनऊ में 100 लोगों को पार्टी दी थी। गुरुवार को उनकी जांच की गयी तो रिपोर्ट सकारात्मक पायी गयी। उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कराया गया है।

केजीएमयू के सूत्रों ने कहा कि राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को चार मामले सामने आये। इनमें दो पुरुष, एक महिला और एक बच्ची है। सभी को अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है।

राजधानी के महानगर इलाके के एक डॉक्टर के परिवार के तीन लोग इसकी चपेट में आ गये हैं। डॉक्टर कनाडा से आयी एक संक्रमित महिला का इलाज कर रहा था।

दूसरी ओर पुलिस एटा के अस्पताल से फरार हुई एक महिला की तलाश कर रही है। वो महिला अपने पति के साथ पिछले जनवरी में चीन के वुहान से लौटी थी। उसे पति के साथ भारत तिब्बत सीमा पुलिस के अस्पताल में दाखिल कराया गया था। सभी जांच नेगेटिव आने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। पिछले बुधवार को उसने फिर खांसी, बुखार की शिकायत की तो उसे अस्पताल में दाखिल करा दिया गया लेकिन कल गुरुवार को वो अस्पताल से गायब हो गयी। पुलिस उसकी तलाश में जलेसर के उसके घर भी गई।

उत्तर प्रदेश में कोरोना से पीड़ित लोगों की संख्या 23 है। राजधानी लखनऊ और आगरा में आठ-आठ, नोएडा में चार, गाजियाबाद में दो और लखीमपुर खीरी में एक मरीज सामने आया है।

आगरा और गाजियाबाद के पीड़ितों का इलाज दिल्ली में किया गया जहां सभी ठीक हो गये हैं।

लखीमपुर खीरी का मरीज कुछ दिन पहले ही तुर्की से लौटा था। उसे भी केजीएमयू में दाखिल कराया गया है।

 

वार्ता
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment