जन्मदिन पर बोलीं मायावती, देश में भय और तनाव का माहौल

Last Updated 15 Jan 2020 10:10:17 AM IST

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती बुधवार को अपना 64वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर घिनौनी राजनीति करने और एक ही थाली के चट्टे-बट्टे होने का आरोप लगते हुए कहा कि देश में भय और तनाव का माहौल है।


बसपा सुप्रीमो मायावती

उन्होंने कहा कि देश की स्थिति कांग्रेस के समय से भी ज्यादा खराब हो गई है। भाजपा उससे भी दो कदम आगे है। देश की अर्थव्यवस्था खराब हो गई है और तनाव तथा भय का माहौल है।    

अपने जन्मदिन पर बुधवार सुबह पत्रकारों से बात करते हुए मायावती ने कहा, ‘‘बसपा अनुशासित और कैडर आधारित पार्टी है जो शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में विश्वास रखती है, इसलिए हमारे कार्यकर्ता संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) का विरोध करने के लिए सड़कों पर नहीं उतरे बल्कि हमारी पार्टी ने लोकसभा और राज्यसभा में इसका विरोध किया और इसके विरोध में मतदान भी किया।’’     

भाजपा और कांग्रेस पर एक ही थाली के चट्टे-बट्टे होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और कांग्रेस झूठ की घिनौनी राजनीति कर रही हैं। देश में डर और तनाव का माहौल है। भाजपा को अपने विकास के वादे पर काम करना चाहिए। भाजपा कांग्रेस के नक्शे कदम पर चल रही है।’’     

अपनी 21 मिनट के संवाददाता सम्मेलन में एक बार भी समाजवादी पार्टी (सपा) का नाम न लेने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘आज हम केवल केंद्र की राजनीति पर बात कर रहे हैं।’’     

उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस की आलोचना छोड़कर देश हित और गरीबी हटाने का कार्य करे तो ज्यादा बेहतर रहेगा।     

उन्होंने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) उन सभी समुदाय के लोगों पर लागू होना चाहिए, जिन पर जुल्म-ज्यादती हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण देश भर में अशांति और कानून व्यवस्था बिगड़ गई है, जो राष्ट्रीय चिंता का विषय है। भाजपा सरकार अगर कांग्रेस के रास्ते पर चलती रही तो धीरे-धीरे अन्य राज्यों की सत्ता भी उसके हाथ से चली जाएगी।

 

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment