उन्नाव पीड़िता की मौत के बाद धरने पर बैठे अखिलेश, सरकार को ठहराया जिम्मेदार

Last Updated 07 Dec 2019 12:42:18 PM IST

जिंदा जला दी गई उन्नाव बलात्कार पीड़िता की मौत के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव विधान भवन के मुख्य द्वार के सामने शनिवार को धरने पर बैठ गए।


समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव

उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र की रहने वाली बलात्कार पीड़िता को पांच लोगों ने आग के हवाले कर दिया था जिसके बाद वह दिल्ली के अस्पताल में शुक्रवार को जिंदगी की जंग हार गई। पीड़िता की मौत की खबर मिलने के बाद अखिलेश पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ विधान भवन के सामने धरने पर बैठ गए।     

बाद में उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में इस घटना के लिए राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार को जिम्मेदार ठहराया और ऐलान किया कि इस घटना के खिलाफ रविवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर शोक सभा का आयोजन करेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार जुल्म का शिकार महिलाओं और लड़कियों की मदद नहीं कर रही है।     

उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार जो दुख और परेशानी दे रही है, उसे हटना चाहिए। यह हमारे समाज के लिए काला दिन है।     

उन्होंने कहा कि सपा रविवार को सभी जिला मुख्यालयों पर उन्नाव की बेटी के लिए शोक सभा करेगी और जितनी भी बेटियों की जान गई है उन्हें याद करेगी।     

सपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘योगी सरकार के कार्यकाल में यह कोई पहली घटना नहीं है। वह समय याद कीजिए, जब मुख्यमंत्री आवास के सामने एक बेटी ने न्याय के लिए आत्मदाह की कोशिश की तब जाकर मामला दर्ज किया गया। उन्नाव की एक और बेटी ने तो पूरा परिवार खो दिया। उसके लिए भाजपा की सरकार दोषी थी और आज जिस बेटी की जान गई उसके लिए भी योगी सरकार ही कसूरवार हैं।’’

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment