कुलदीप सेंगर को पहले ही निलंबित किया जा चुका है : भाजपा

Last Updated 30 Jul 2019 06:39:19 PM IST

उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की दुर्घटना के बाद मंगलवार को भाजपा की उप्र इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कुलदीप सिंह सेंगर को पहले ही पार्टी से निलंबित किया जा चुका है।


स्वतंत्र देव सिंह

भाजपा की उप्र इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया, "भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पहले से ही पार्टी से निलंबित चल रहे हैं। मेरी पूर्व अध्यक्ष से भी बात हुई है, पार्टी कुलदीप सेंगर को कभी बचाने के पक्ष में नही रही है। पार्टी पहले ही कुलदीप सेंगर को निलंबित कर चुकी है। सरकार निष्पक्ष जांच के पक्ष में है, इसीलिए सीबीआई को जांच सौंपी गई है।"

स्वतंत्र सिंह भले ही कुलदीप सिंह सेंगर को निलंबित किए जाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन भाजपा ने इसकी सूचना सार्वजनिक नहीं की थी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, "पीड़िता का इलाज करने के लिए बड़े से बड़ा डॉक्टर लगाया गया है। हम उसके शीघ्र ही स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। पीड़िता के परिवार को सरकार से हर संभव मदद मिल रही है। उसके चाचा के पैरोल के लिए आज सरकार ने मदद की। उनको 24 घंटे का पैरोल मिला है। प्रदेश सरकार पीड़िता के पक्ष में है।"

ज्ञात हो कि कुलदीप सेंगर मामले को लेकर विपक्षी दल भाजपा पर हमले कर रहे हैं। बसपा मुखिया मायावती ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि "स्थानीय भाजपा सांसद साक्षी महाराज द्वारा जेल में दुष्कर्म आरोपी भाजपा विधायक से मिलना यह प्रमाणित करता है कि गैंग रेप के आरोपियों को लगातार सत्ताधारी भाजपा का संरक्षण मिल रहा है, जो इंसाफ का गला घोटने जैसा है। माननीय सुप्रीम कोर्ट को इसका संज्ञान अवश्य लेना चाहिए।"

वहीं दूसरी ओर सोमवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर भाजपा से पूछा कि "अब तक विधायक को पार्टी से क्यों नहीं निकाला गया, उन पर रेप का मुकदमा तो दर्ज था ही अब हत्या और हत्या का प्रयास का नया मुकदमा भी दर्ज हो गया है। भाजपा अब किस चीज का इंतजार कर रही है।"



उन्नाव जिले से विधायक कुलदीप सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता परिजनों सहित रविवार को रायबरेली में हादसे का शिकार हो गई थी। कार और ट्रक की टक्कर में पीड़िता की चाची और मौसी की मौत हो गई, जबकि हादसे में बुरी तरह घायल उसके वकील महेंद्र सिंह चौहान और रेप पीड़िता की हालत गंभीर है। दोनों को केजीएमयू मेडकिल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

आईएएनएस
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment