यूपी: कांग्रेस की समीक्षा बैठक, प्रत्याशी और संगठन ने एक-दूसरे पर फोड़ा हार का ठीकरा

Last Updated 15 Jun 2019 10:15:43 AM IST

लोस चुनाव में उप्र में करारी हार का सामना करने के बाद कांग्रेस महासचिव व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर समीक्षा बैठक की।


कांग्रेस महासचिव व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया

उन्होंने अपने अधिकार के तहत आने वाली 38 लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों व संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर हार के कारणों को जाना।

इस दौरान प्रत्याशियों तथा जिला व नगर के संगठन के पदाधिकारियों ने हार का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ा। हालांकि इस समीक्षा बैठक में कांग्रेस के कई दिग्गज प्रत्याशी शामिल नहीं हुए। बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में करारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस को एक मात्र सोनिया गांधी की सीट रायबरेली को छोड़कर किसी भी सीट पर जीतने में कामयाब नहीं रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी अपनी परम्परागत सीट अमेठी से चुनाव हार गये हैं। बैठक में शामिल हुए कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि सिंधिया ने हार की संभावित कारणों को जानने के लिए जिलाध्यक्षों और नगर अध्यक्षों से बातचीत की। दो दिन पहले ही पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली में इसी तरह की समीक्षा बैठक की थी।

बैठक में नहीं आये कई दिग्गज

पार्टी की समीक्षा बैठक में जिला व नगर के अध्यक्षों ने कहा कि दूसरी पार्टी से कांग्रेस में शामिल कराकर जो प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे गये थे उन्होंने कांग्रेस संगठन के लोगों को कोई तरजीह नहीं दी और न ही उन्हें चुनाव में कोई विशेष जिम्मेदारी सौंपी। ऐसे में वह अपने को इस चुनाव में पूरी तरह से सक्रिय नहीं कर सके।

ठीक इसके विपरीत दूसरी पार्टियों से कांग्रेस में शामिल होकर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने भी कांग्रेस के जिला व नगर संगठन को दोषी ठहराया और कहा कि कांग्रेस संगठन ने उन्हें बाहर का समझकर कोई सहयोग नहीं दिया। हालांकि जहां पर पार्टी के पुराने प्रत्याशियों को उतारा गया था वहां ऐसी दिक्कत नहीं आयी। यहां पर हार की अन्य वजहें बतायी गयी।

समीक्षा बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने सलाह भी दी कि पार्टी को हर किस्म का प्रयोग बंद करना चाहिए। उसे कार्यकर्ताओं और कैडर में विश्वास रखना चाहिए और पार्टी को अन्य दलों के साथ गठबंधन पर निर्भर नहीं करना चाहिए। हालांकि इस समीक्षा बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, श्रीप्रकाश जायसवाल, आरपीएन सिंह और सलमान खुर्शीद नहीं शामिल हुए।

'कांग्रेस को मजबूत करना हमारी प्राथमिकताजमीनी मुद्दों के सहारे जनता में पैठ बनाएगी पार्टी'

कांग्रेस महासचिव और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव भी अकेले दम पर लड़ा है और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी अपने बलबूते पर ही लड़ेगी। इसके लिए पार्टी ने अभी से काम करना शुरू कर दिया है।

सिंधिया शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर अपने क्षेत्र की लोकसभा सीटों पर हार की समीक्षा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। हमने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों की समीक्षा की है। इससे पहले भी एक समीक्षा हो चुकी है। समीक्षा के दौरान जो सुझाव सामने आये हैं उनको कांग्रेस ने गंभीरता से लिया है। कई मुद्दे भी सामने आये उनके आधार पर हम अपने संगठन को मजबूत करेंगे। इन जमीनी स्तर के मुद्दों व पार्टी की क्षमता के अनुसार अपना प्रदर्शन करेंगे। संगठन के पुनर्गठन पर भी विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन का पुनर्गठन कर ऊर्जा का संचार करना होगा।

प्रियंका को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की बाद पर सिंधिया ने कहा है कि इसका निर्णय कांग्रेस नेतृत्व करेगा और कांग्रेस कमेटी ही तय करेगी कि उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री किसे तय किया जाए।

विधानसभा चुनाव भी अकेले लड़ेगी कांग्रेस : सिंधिया

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जो परिणाम सामने आये हैं वह संतोषजनक नहीं है। इसमें कोई दो राय नहीं है लेकिन इसी से सीख लेते हुए हम आगे की रणनीति तय करेंगे। विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी हम अभी से शुरू कर देंगे। विधानसभा चुनाव अभी तीन साल दूर है तब तक हम जमीनी मुद्दे के सहारे जनता के बीच अपनी पैठ बनाएंगे।

सिंधिया ने कहा कि दो हफ्ते के अन्दर दोबारा तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। प्रदेश में विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में स्थानीय कार्यकर्ताओं व संगठन के पदाधिकारियों के साथ प्रत्याशियों के बारे में निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अच्छे प्रत्याशियों को मौका दिया जाएगा और उन्हें आगे किया जाएगा ताकि वह पार्टी को मजबूत करने में भी अपनी भूमिका निभा सकें।

सहारा न्यूज ब्यूरो
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment