एग्जिट पोल ने बढ़ाई हलचल, मायावती से मिले अखिलेश

Last Updated 20 May 2019 01:54:16 PM IST

एग्जिट पोल में केंद्र में एनडीए की सरकार बनने के कयासों के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन सहयोगी बसपा प्रमुख मायावती से सोमवार को मुलाकात की।


मायावती से मिले अखिलेश (फाइल फोटो)

लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा और रालोद ने गठबंधन किया था। इन दलों ने गठबंधन के तहत सीटों का बंटवारा कर चुनाव लड़ा था। अखिलेश आज दोपहर बसपा प्रमुख के घर पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच एक घंटे तक बात हुई।       

दोनों नेताओं के बीच बातचीत के बारे में अभी जानकारी नही मिल पायी है।       

इससे पहले शनिवार को तेदेपा अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने अखिलेश और मायावती से लखनऊ में अलग-अलग मुलाकात की थी। इन नेताओं ने किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत न मिलने के बाद की संभावनाओं पर विस्तार से विचार विमर्श किया था।       

लोकसभा चुनाव में गठबंधन होने के बाद बसपा ने 38 सीटों पर और सपा ने 37 सीटों पर और तीन सीटों पर रालोद ने चुनाव लड़ा था। इसके अलावा गठबंधन ने कांग्रेस का गढ़ समझी जाने वाली अमेठी सीट कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिये और रायबरेली सीट यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिये छोड़ दी थी।       

सोमवार को आये एग्जिट पोल के नतीजों में 17वीं लोकसभा में एनडीए गठबंधन को तीन सौ से अधिक सीटें मिलने के कयासों के बीच सपा और बसपा प्रमुख आज अचानक मिले और विचार विमर्श किया।

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment