स्मृति ईरानी ने अमेठी से भरा पर्चा, रोडशो के जरिए किया शक्ति प्रदर्शन

Last Updated 11 Apr 2019 02:42:05 PM IST

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुवार को लोकसभा चुनाव के लिए अमेठी सीट से अपना नामांकन किया। नामांकन भरने से पहले उन्होंने रोडशो के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे।


ईरानी ने मुख्यमंत्री के साथ आज उसी मार्ग पर रोडशो किया, जिस पर कल पर्चा दाखिल करने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सपरिवार रोडशो किया था।     

गौरीगंज के बूढनमाई मंदिर से शुरू हुए लगभग चार किलोमीटर लंबे रोडशो में लोगों की भारी भीड़ थी। रोड शो से पहले ईरानी ने पति जुबिन ईरानी के साथ पूजा अर्चना की।    

रोडशो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। ढोल नगाड़े बजाते हुए कार्यकर्ता नाच रहे थे। महिलाओं की भी भागीदारी कम नहीं रही। कार्यकर्ता फूल बरसा रहे थे। उनके गले में भगवा रंग का अंगौछा था तो सर पर ‘मैं भी चौकीदार हूं‘ की टोपी लगी थी।     

युवा भगवा रंग में नारों से लिखी टीशर्ट व जैकेट पहने हुए थे। अधिकतर महिलाएं भी भगवा साड़ी में नजर आयीं।    

रोडशो के रास्ते में जगह जगह बड़े पोस्टर लगे थे, जिन पर लिखा था... 'अबकी बार अमेठी हमार' और 'फिर एक बार, मोदी सरकार।'     

तपतपाती धूप के बावजूद रोडशो के रास्ते पर महिलाएं और बच्चे घर की छतों पर खड़े होकर ईरानी और योगी पर फूल बरसा रहे थे। दोनों नेता हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।     

रोडशो में अमेठी के विधायकों के साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश पासी और मोती सिंह मौजूद थे।     

ईरानी ने गौरीगंज में जिलाधिकारी कार्यालय में अपना नामांकन भरा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके साथ थे।

इस सीट पर ईरानी का मुकाबला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से है।

साल 2014 में मोदी लहर के बावजूद वे राहुल गांधी से 1.07 लाख मतों से हार गई थीं।

समयलाइव डेस्क/भाषा
अमेठी (उत्तर प्रदेश)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment