सोनिया गांधी ने रायबरेली से किया नामांकन, बोलीं- मोदी न भूलें 2004

Last Updated 11 Apr 2019 01:38:35 PM IST

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को रायबरेली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र भरने से पहले उन्होंने रोडशो किया।


सोनिया गांधी ने रायबरेली से किया नामांकन

सुबह उन्होंने पुत्र राहुल गांधी और पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कांग्रेस कार्यालय में पूजा अर्चना और हवन किया।     

रायबरेली से चार बार चुनाव जीत चुकी सोनिया गांधी ने नामांकन से पहले रोडशो कर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस राहुल और प्रियंका साथ थे। आत्मविश्वास से लबरेज यूपीए अध्यक्ष पर्चा भरने के बाद अपनी पांचवीं जीत के प्रति आश्वस्त नजर आयीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव को जीतकर सरकार बनाने को तैयार है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और उनके अजेय रहने संबंधी एक सवाल के जवाब में सोनिया गांधी ने कहा, "साल 2004 को मत भूलिए तब वाजपेयी जी भी अजेय लग रहे थे, लेकिन हम जीते थे। इस बार भी कुछ ऐसा ही होने वाला है।’’

यूपीए अध्यक्ष के रोड शो में समर्थकों की भारी भीड़ थी। रोड शो के दौरान समर्थक नारे लगा रहे थे ‘इस बार पांच लाख पार’। मतलब पांचवीं बार इस संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रही सोनिया गांधी की जीत का अंतर पांच लाख वोटों से अधिक होगा। सोनिया इससे पहले 2004, 2006, 2009 और 2014 के चुनाव में जीत हासिल कर चुकी हैं। इनमें 2006 में उन्होने उपचुनाव में विजय अर्जित की थी।

उत्साह से भरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारे गूंज रहे थे और वे रोडशो के रास्ते में नाचते गाते नजर आये।   

 

सोनिया पांचवीं बार रायबरेली लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। उनका मुकाबला हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए दिनेश प्रताप सिंह से है।

सपा-बसपा-रालोद गठबंधन ने इस सीट पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है।     

रायबरेली को कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है।

भाषा/वार्ता
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment