Rajasthan Assembly Election 2023: राजस्थान में 23 नवंबर को होगा मतदान, तीन दिसंबर को आएंगे परिणाम

Last Updated 09 Oct 2023 01:53:34 PM IST

राजस्थान में विधानसभा की 200 सीटों के लिए 23 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती तीन दिसंबर को की जाएगी।


मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में राजस्थान विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया।

आयोग के मुताबिक राजस्थान में चुनाव की अधिसूचना 30 अक्टूबर को जारी होगी और उम्मीदवार छह नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। सात नवंबर को नामांकन की जांच होगी और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख नौ नवंबर होगी।

कुमार ने कहा, ‘‘राजस्थान में 23 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना तीन दिसंबर को की जाएगी।’’

राजस्थान विधानसभा चुनाव के तहत होने वाले मतदान में सवा पांच करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

राजस्थान में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच होता है। इस मरूधर प्रदेश में कुछ क्षेत्रीय पार्टियां भी हैं जो चुनिंदा क्षेत्रों में अपना प्रभाव रखती हैं।

राज्‍य विधानसभा के पिछले चुनाव (2018) में कुल 200 सीटों में कांग्रेस को 99 व भाजपा को 73 सीटें मिलीं। अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर बसपा प्रत्याशी के निधन के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया जो 28 जनवरी को हुआ। इसमें भी कांग्रेस ने बाजी मारी। अशोक गहलोत ने 17 दिसंबर 2018 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

राजस्थान में अभी तक न तो भाजपा ने ही और ना ही कांग्रेस ने किसी उम्मीदवार की घोषणा की है।

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्य में कुल 5 करोड़ 26 लाख 80,545 मतदाता हैं। इनमें से 2 करोड़ 73 लाख 58 हजार 627 पुरूष एवं 2 करोड़ 51 लाख 79 हजार 422 महिला मतदाता शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में राज्य में 4 करोड़ 77 लाख 89 हजार मतदाता थे। इनमें 2 करोड़ 49 लाख 61 हजार महिलाएं और 2 करोड़ 28 लाख 27 हजार महिला मतदाता थीं।

राज्य की अद्यतन मतदाता सूची में 80 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 11.78 लाख मतदाता, 100 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 17,241 मतदाता पंजीकृत हैं। इसी प्रकार कुल 5.61 लाख विशेष योग्य जन मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं।

वहीं राज्य में 601 मतदान केन्द्रों का नवसृजन एवं 32 मतदान केन्द्रों का समायोजन किया गया इसके चलते 569 मतदान केन्द्र बढ़े हैं। पुनर्गठन के बाद राज्य में मतदान केन्द्रों की संख्या 51 हजार 187 से बढ़कर 51 हजार 756 हो गई है।

राज्‍य की 200 विधानसभा सीटों में 34 अनुसूचित जाति, 25 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं, वहीं 141 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं।
 

भाषा
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment