राजस्थान के सीएम ने कहा- आयकर विभाग के छापे मीडिया को दबाने का प्रयास

Last Updated 22 Jul 2021 12:15:29 PM IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अखबार समूह दैनिक भास्कर और भारत समाचार न्यूज चैनल के कार्यालयों पर आयकर विभाग के छापों की आलोचना करते हुए इसे केंद्र सरकार द्वारा मीडिया को दबाने का प्रयास बताया।


राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (फाइल फोटो)

उन्होंने कहा कि यह केंद्र में सत्तारूढ भाजपा की फासीवादी मानसिकता का परिचायक है।      

उल्लेखनीय है कि आयकर विभाग ने कर चोरी के आरोप में मीडिया समूह दैनिक भास्कर के जयपुर सहित विभिन्न शहरों में स्थित परिसरों पर बृहस्पतिवार को छापे मारे।      

गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘दैनिक भास्कर अखबार और भारत समाचार न्यूज़ चैनल के कार्यालयों पर ‘इनकम टैक्स’ का छापा मीडिया को दबाने का एक प्रयास है। मोदी सरकार अपनी रत्तीभर आलोचना भी बर्दाश्त नहीं कर सकती है। यह भाजपा की फासीवादी मानसिकता है जो लोकतंत्र में सच्चाई का आइना देखना भी पसंद नहीं करती।’’      

 

गहलोत ने कहा, ‘‘ऐसी कार्रवाई कर मोदी सरकार मीडिया को दबाकर संदेश देना चाहती है कि यदि गोदी मीडिया नहीं बनेंगे तो आवाज कुचल दी जाएगी।’’  

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि छापेमारी भोपाल, जयपुर, अहमदाबाद और कुछ अन्य स्थानों पर की जा रही है।      

विभाग या उसके नीति निर्माण निकाय से किसी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है लेकिन आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई विभिन्न राज्यों में संचालित हिंदी मीडिया समूह के प्रवर्तकों के खिलाफ भी है।      

कांग्रेस नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर कहा कि आयकर विभाग के अधिकारी समूह के करीब छह परिसरों पर ‘‘मौजूद हैं’’। इनमें राज्य की राजधानी भोपाल में प्रेस कॉम्प्लेक्स में उसका कार्यालय भी शामिल है।
 

भाषा
जयपुर/नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment