राजस्थान: सीमा पार से घुसपैठ की आशंका के चलते सुरक्षा बल सतर्क
राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के घड़साना सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ का प्रयास किए जाने के बाद सुरक्षा बल सतर्क हो गया है।
![]() |
सूत्रों ने आज बताया कि श्रीगंगानगर जिले में घड़साना सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) की सिवनी पोस्ट अंतर्गत पिलर संख्या 376/2एस के समीप घुसपैठ किए जाने जानकारी मिली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस सेक्टर में तैनात सीमा सुरक्षा बल की 104 वाहिनी के एक सहायक उप निरीक्षक नजीमुद्दीन द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर कल रात को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ फॉर्नर एक्ट की धारा 13 वह 14 और पासपोर्ट एक्ट की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सिवनी पोस्ट क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों ने 29-30अक्टूबर की रात को घुसपैठ करने का प्रयास किया। रात में पिलर संख्या 376/2 एस के नजदीक 2-3 व्यक्ति तारबंदी के नजदीक तक आ गए। भारतीय क्षेत्र में भी कुछ संदिग्ध व्यक्ति तारबंदी से करीब 150 मीटर पीछे तक आए, लेकिन जवानों की मुस्तैदी के कारण वे तारबंदी के नजदीक नहीं पहुंच पाए। सीमा पार के संदिग्ध लौट गये। सुबह सीमा सुरक्षा बल की नियमित गश्त के दौरान पाकिस्तान की ओर से तारबंदी के नजदीक तक दो तीन व्यक्तियों के आने और जाने के पदचिन्ह दिखाई दिए।
सूत्रों के अनुसार इसके बाद भारतीय क्षेत्र का गहनता से निरीक्षण किया गया। तारबंदी से करीब 150 मीटर पहले दो तीन संदिग्ध व्यक्तियों के पद चिन्ह मिले। क्षेत्र में संदिग्ध हरकत का पता चलने पर बीएसएफ के उच्च अधिकारी तथा खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार दो दिन तक इस पूरे इलाके की गहन छानबीन की गई। भारतीय क्षेत्र में तारबंदी से 150 मीटर पीछे जो संदिग्ध पद चिन्हों की जांच करने पर कुछ अहम सुराग मिले हैं।
सूत्रों ने संभावना जताई कि इस क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से तस्करों द्वारा मादक पदार्थ, हथियार एवं जाली मुद्रा भारतीय क्षेत्र में पहुंचाने का प्रयास किया गया है। फिलहाल इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा रहा। इन संदिग्ध व्यक्तियों के तस्कर होने की संभावना व्यक्त की गई है। उस रात को दोनों तरफ से आए व्यक्तियों द्वारा मोबाइल फोन पर संपर्क करने की बात भी सामने आ रही है। एक-दो मोबाइल फोन नंबर खुफिया एजेंसियों के हाथ लगे हैं। इन नंबरों से भी इन संदिग्ध व्यक्तियों का पता लगाया जा रहा है। जो सुराग मिले हैं उसके अनुसार इन सभी व्यक्तियों के पकड़े जाने की प्रबल संभावना है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन इसकी जांच पड़ताल खुफिया एजेंसियां ही कर रही हैं।
| Tweet![]() |