राजस्थान: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी को नेताओं ने दी श्रृद्धांजलि, आज होगा अंतिम संस्कार

Last Updated 25 Jun 2019 11:28:54 AM IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट सहित भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी को भाजपा मुख्यालय में पुष्प अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी।


BJP प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी का अंतिम संस्कार आज

राज्यसभा सदस्य सैनी (75) का कल दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर मंगलवार को जयपुर भाजपा मुख्यालय में रखा गया जहां भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रृद्धांजलि अर्पित की।    

प्रधानमंत्री मोदी ने सैनी के निधन पर शोक जताते हुए इसे भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति करार दिया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सचिन पालयट, यातायात मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भाजपा मुख्यालय पहुंच कर सैनी को श्रृद्धांजलि अर्पित की।     

भाजपा मुख्यालय पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रतिपक्ष के उपनेता राजेन्द्र राठौड़, और पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।    

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा, राजस्व मंत्री हरीश चौधरी और अन्य नेताओं ने भाजपा मुख्यालय पहुंच कर मदन लाल सैनी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी।    

इस अवसर पर गहलोत ने कहा कि सैनी का निधन दुर्भाग्यपूर्ण है, मैंने उनसे जयपुर से नई दिल्ली के एम्स ले जाने के दौरान बातचीत की थी और अधिकारियों को दिल्ली के एम्स अस्पताल में सभी प्रकार के प्रबंध किये जाने के लिये कहा था। इस दुख की घड़ी में ईश्वर से शोकसंतत्व परिजनों को शक्ति प्रदान करने और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।    

उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि राजनीति में विपक्ष होता है लेकिन उसके आगे हमारी संस्कृति और लोकतंत्र में एक दूसरे का आदर करना भी होता है। इस दुख की घड़ी में हम शोकसंतत्व परिजनों के साथ हैं और मैं कांग्रेस पार्टी की ओर से दिवंगत आत्मा को श्रृद्धांजलि अर्पित करता हूं।     

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि सैनी का निधन उनके लिये बहुत चौंकाने वाला है और पार्टी के लिये भी यह बहुत बड़ी क्षति है।      

सैनी का अंतिम संस्कार आज ही सीकर जिले के उनके पैतृक गांव में किया जायेगा।       भाजपा मुख्यालय पर श्रृद्धांजलि के बाद सैनी का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिये सीकर ले जाया जा रहा है।

सैनी का जन्म 13 जुलाई 1943 को राजस्थान के सीकर जिले में हुआ था। कानून में स्नातक की पढाई कर चुके सैनी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे। वह भारतीय मजदूर संघ में महामंत्री, भाजपा किसान मोर्चा में राष्ट्रीय महामंत्री तथा सरदार पटेल स्मारक के प्रदेश संयोजक रहे। 1990 में वे गुढा से विधायक चुने गए।। वह मार्च 2018 में राज्यसभा सांसद चुने गए।

पिछले साल जून में उन्हें भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र व छह बेटियां हैं।
 

एजेंसियां
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment