राजस्थान पंडाल हादसा: सीएम गहलोत ने की पीड़ित परिवारों से मुलाकात, कहा- दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा

Last Updated 24 Jun 2019 11:32:13 AM IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार सुबह बाड़मेर के जसोल गांव पहुंचे। उन्होंने जसोल हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी, ढांढस बंधाया।


फाइल फोटो

जसोल में रविवार अपरान्ह को एक रामकथा के दौरान पंडाल गिरने से 14 लोगों की मौत हो गयी व लगभग 50 अन्य घायल हुए। घायलों का यहां के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।          

गहलोत आज हादसे के मृतकों के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान गहलोत ने कहा कि दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए एडवायजरी जारी की जाएगी। उन्होंने हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि भी दी एवं शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है, हम सभी इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
  
इससे पहले गहलोत ने हादसे के बाद रविवार शाम सीएमओ में आपात बैठक की। इसमें राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच जोधपुर के संभागीय आयुक्त बीएल कोठारी को सौंपी है। साथ ही मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को दो-दो लाख की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है।

गहलोत घटनास्थल भी गए और अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।        



गहलोत ने संवाददाताओं से कहा,‘ बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जांच की जाएगी।‘ उन्होंने अस्पताल में व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।         



इससे पहले केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री व बाड़मेर से सांसद कैलाश चौधरी भी अस्पताल में घायलों से मिले और उनकी कुशलक्षेम पूछी।

वसुंधरा ने जसोल हादसे पर जताया दुख

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने सीमांत बाड़मेर जिले के जसोल में राम कथा के दौरान तेज आंधी से पांडाल गिरने से हुए हादसे पर गहरा दुख जताया है।

राजे ने ट्वीट कर कहा कि जसोल में रामकथा के दौरान तेज आंधी से गिरे पांडाल हादसे में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत का समाचार सुन बेहद दु:ख हुआ। उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को कष्ट की इस घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।  उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि बाड़मेर हादसे में घायल हुए लोगों एवं उनके परिजनों की हरसंभव सहायता करें।

 

 राज्यपाल कल्याण सिंह ने जसोल हादसे पर दु:ख व्यक्त किया

राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने सीमांत बाड़मेर जिले के जसोल गांव में रामकथा के दौरान अंधड़ से हुए हादसे पर दु:ख जताया है। सिंह ने इस हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्म शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमात्मा से प्रार्थना की है। उन्होंने घायल हुए लोगों के शीघ स्वस्थ होने की कामना की है।

 

भाषा/वार्ता
बाड़मेर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment