अलवर गैंगरेप: पीड़ित परिवार वालों से मिले राहुल गांधी, न्याय का दिया भरोसा

Last Updated 16 May 2019 11:47:28 AM IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को अलवर में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात की और उन्हें तथा उनके परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।


राहुल गांधी ने रेप पीड़िता से की मुलाकात

राहुल के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी थे।        

गांधी ने आज थानागाजी में सामुहिक दुष्कर्म पीड़िता से मिलने के बाद पत्रकारों से कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा और किसी भी लड़की के साथ ऐसी घटनायें बर्दाश्त नहीं की जायेंगी। उन्होंने अपने दौरे को राजनीति से प्रेरित बताने से इन्कार करते हुए कहा, ‘मेरे लिये यह मामला भावनात्मक मुद्दा है, इसमें कोई राजनीति नहीं है, मैं यहां राजनीति करने नहीं आया हूं। मैंने जैसे ही इस घटना के बारे में सुना, तब मैंने तत्काल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात की और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये।’

गांधी ने कहा कि उन्होंने बहुत सी बातें बताई हैं, जिनका मैं यहां जिक्र करना नहीं चाहता। वे शीघ न्याय की मांग कर रहे हैं, जो उन्हें मिलेगा। उन्होंने कहा ,‘इस घटना के बाद मैं तत्काल आना चाह रहा था, लेकिन कुछ कारणों से आ नहीं आ पाया।’ उन्होंने कहा कि अलवर या हिंदुस्तान के किसी भी कोने में ऐसी घटनायें नहीं होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा और दोषियों को सजा मिलेगी।

मुख्यमंत्री गहलोत ने इस घटना को राजनीतिक कारणों से छुपाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि इसके बाद हमने पुलिस को निर्देश दिये कि थानों में प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में प्राथमिकी दर्ज करायी जा सकती है। राज्य में महिलाओं से सम्बन्धित ऐसे मामलों की जांच पुलिस के वृत्त अधिकारी स्तर के अधिकारी करेंगे। गहलोत ने पीड़ित परिवार को नौकरी देने का भी आश्वासन दिया। 

अलवर जिले के थानागाजी थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल को पति के साथ मोटरसाइकिल पर जा रही एक दलित महिला से छह लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाया।          
मामला दर्ज होने में कथित देरी के मामले में पुलिस और राज्य सरकार की काफी आलोचना हो रही है।         

पुलिस दुष्कर्म करने के पांच आरोपियों एवं वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने के एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
 

भाषा/वार्ता
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment