राजस्थान विधानसभा चुनाव: सचिन पायलट और गहलोत बोले-कांग्रेस की जबरदस्‍त वापसी

Last Updated 11 Dec 2018 12:33:05 PM IST

राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के दोनों दावेदारों अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने मंगलवार को विश्वास जताया कि उनकी पार्टी राज्य में सरकार बनाएगी।


राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट (फाइल फोटो)

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नए मुख्यमंत्री का फैसला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा लिया जाएगा।

अशोक गहलोत ने यहां मीडिया से कहा, "कांग्रेस निश्चित तौर पर सरकार बनाएगी।"

यह पूछे जाने पर कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर गहलोत ने कहा कि इसका निर्णय राहुल गांधी करेंगे।

अशोक गहलोत ने कहा, "राजस्थान में एक स्पष्ट परंपरा है। यहां विधायकों की बैठक होगी और उनकी राय ली जाएगी। केंद्रीय नेतृत्व को पूरा अधिकार है। मुख्यमंत्री का चेहरा सामने आएगा।"



राजस्थान कांग्रेस के प्रमुख सचिन पायलट ने कहा, "कांग्रेस कार्यकर्ताओं व लोगों का संघर्ष नतीजों में दिखाई दे रहा है। हमने पिछली बार 21 सीटें जीती थीं। लोगों ने जिस तरह की मुश्किलों का सामना किया था तो वे नाखुश थे। वे केंद्र व राज्य सरकार से नाराज थे।"

उन्होंने कहा, "हमने जो रोडमैप प्रस्तुत किया उसे सराहा गया और राहुल गांधी ने उत्साहवर्धक प्रचार किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर काम किया। मैं लोगों के आशीर्वाद के लिए उनका आभारी हूं।"

सचिन पायलट ने कहा कि उनकी पार्टी मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में भी सरकार बनाएगी।

नए मुख्यमंत्री के संदर्भ में सचिन पायलट ने कहा, "कांग्रेस आलाकमान व विधायक सामूहिक रूप से फैसला करेंगे।"

उन्होंने कहा, "आज एक निर्णायक दिन है और राहुल गांधी बीते साल इसी दिन कांग्रेस अध्यक्ष बने थे और इससे अच्छा उपहार क्या हो सकता है कि पार्टी तीन भाजपा शासित राज्यों में सरकार बनाने जा रही है।"

 

आईएएनएस
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment