करूर भगदड़: अफवाहें फैलाने के आरोप में तमिल यूट्यूबर फेलिक्स गेराल्ड गिरफ्तार

Last Updated 30 Sep 2025 11:18:51 AM IST

जाने माने तमिल यूट्यूबर फेलिक्स गेराल्ड को अभिनेता से नेता बने विजय की करूर रैली में हुई भगदड़ की घटना के संबंध में ‘अफवाहें फैलाने’ के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।


यह गिरफ्तारी पुलिस द्वारा भगदड़ के बारे में अफवाह फैलाने के आरोप में 20 लोगों पर मामला दर्ज करने और तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद हुई है।

गेराल्ड का एक यूट्यूब चैनल है जिसमें समसामयिक विषयों पर तमिल भाषा में जानकारी मुहैया कराई जाती है।

इस बीच, एक विशेष पुलिस दल ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के पदाधिकारी पौनराज को भगदड़ मामले के मुख्य आरोपी एवं पार्टी पदाधिकारी मथियालगन को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मथियालगन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

मथियालगन भगदड़ की घटना में दर्ज प्राथमिकी में नामजद तीन टीवीके पदाधिकारियों में शामिल थे।

प्राथमिकी में नामित पार्टी के दो अन्य पदाधिकारियों में टीवीके के प्रदेश महासचिव बुस्सी आनंद और पार्टी के उप महासचिव निर्मल कुमार के नाम शामिल हैं।

टीवीके के तीनों पदाधिकारियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 125 (दूसरों के जीवन को खतरे में डालना) और 223 (आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

भाषा
चेन्नई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment