मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 3 उग्रवादी गिरफ्तार

Last Updated 30 Sep 2025 11:49:55 AM IST

मणिपुर में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।


पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक सक्रिय सदस्य को सोमवार को इंफाल वेस्ट जिले के कदंगबंद स्थित उसके घर के पास से गिरफ्तार किया गया।

उसकी पहचान सनसम सनतोंबा सिंह (54) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसके पास से दो इंसास लाइट मशीन गन मैगजीन, दो कैमोफ्लेग हेलमेट (छिपने में सहायक), पांच बुलेटप्रूफ प्लेट और चार बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद किए गए हैं।

पीएलए मुख्य रूप से पड़ोसी देश म्यांमा में अपने शिविरों से सक्रिय है और उसे सुरक्षा बलों पर हमलों के कई मामलों के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन एनआरएफएम के एक सक्रिय सदस्य को बिष्णुपुर जिले के खोइजुमन से गिरफ्तार किया गया।

प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लूप के एक सदस्य को इंफाल वेस्ट जिले के पाओना बाजार से गिरफ्तार किया गया।

उसकी पहचान उरीखिनबाम प्रेमजीत सिंह (41) के रूप में हुई है और वह कथित तौर पर घाटी में स्थानीय व्यवसायों से वसूली में शामिल था।

इस बीच, पुलिस ने बताया कि इंफाल हवाई अड्डे पर दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 21.42 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि उनके सामान में मादक पदार्थ मिले।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान लैशराम विकास सिंह (20) और नंगबाम नेल्सन मेइती (19) के रूप में हुई है।
 

भाषा
इंफाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment