केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को निजामाबाद में करेंगे हल्दी बोर्ड मुख्यालय का उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) रविवार को निजामाबाद में हल्दी बोर्ड के राष्ट्रीय मुख्यालय का उद्घाटन करेंगे।
![]() |
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले हल्दी बोर्ड की स्थापना की घोषणा की थी और अब उन्होंने किसानों के सपने को पूरा किया है।
पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हल्दी की फसल की गुणवत्ता में सुधार, अनुसंधान और किसानों की आय में सुधार के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
केंद्रीय कोयला और खान मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने तीन दिन पहले निजामाबाद में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र का लक्ष्य 2030 तक हल्दी के निर्यात को एक अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाना है।
निजामाबाद में हल्दी किसानों की हल्दी बोर्ड की स्थापना एक प्रमुख मांग रही है और यह एक प्रमुख चुनावी मुद्दा भी था।
निजामाबाद से भाजपा के लोकसभा सदस्य डी. अरविंद ने हल्दी बोर्ड स्थापित करने का वादा किया था। अरविंद ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) और तत्कालीन मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता को हराया था। वह 2024 में फिर से चुने गए।
| Tweet![]() |