महाराष्ट्र चुनाव में ’मैच फिक्सिंग‘ के आरोप पर चुनाव आयोग का ’स्ट्रेट ड्राइव‘
महाराष्ट्र में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में धांधली के दावों को खारिज करते हुए निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने शनिवार को कहा कि मतदाताओं से अनुकूल चुनाव परिणाम नहीं मिलने के बाद चुनाव निकाय को बदनाम करना पूरी तरह बेतुका काम है।
![]() |
चुनाव आयोग के सूत्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के लिखे उस लेख पर जवाब दे रहे थे, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र राज्य विधानसभा चुनाव में ‘मैच फिक्सिग’ का आरोप लगाया है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव ‘लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट’ था। उन्होंने कहा कि यह ‘मैच फिक्सिंग’ अब बिहार में भी दोहराई जाएगी और फिर उन जगहों पर भी ऐसा ही किया जाएगा, जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हार रही होगी।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘मैच फिक्स’ किए गए चुनाव लोकतंत्र के लिए जहर हैं। उन्होंने कहा कि जो पक्ष धोखाधड़ी करता है, वो भले ही जीत जाए, लेकिन इससे लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर होती हैं और जनता का नतीजों से भरोसा उठ जाता है।
सूत्रों ने कहा कि किसी के द्वारा प्रसारित कोई भी गलत सूचना चुनावों के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त हजारों प्रतिनिधियों की बदनामी तथा चुनाव कर्मचारियों का मनोबल तोड़ने वाला होता है, जो इस बड़ी कवायद के लिए अथक परिश्रम करते हैं।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र की मतदाता सूची को लेकर लगाए गए निराधार आरोप कानून के शासन का अनादर है। इस बात को रेखांकित करते हुए कि ‘मैच फिक्स’ चुनाव किसी भी लोकतंत्र के लिए ‘जहर’ है, गांधी ने लिखा कि जो पक्ष धोखा देता है वह खेल जीत सकता है, लेकिन वह संस्थानों को नुकसान पहुंचाता है और जनता के भरोसे को तोड़ता है।
कांग्रेस नेता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कथित चुनावी अनियमितताओं को चरणबद्ध तरीके से रेखांकित किया जिसमें फर्जी मतदाताओं को जोड़ने, मतदान प्रतिशत को बढा-चढाकर पेश किए जाने, फर्जी मतदान की सुविधा प्रदान करने और बाद में सबूत छिपाए जाने के आरोप शामिल हैं।
उन्होंने लिखा, ‘महाराष्ट्र में 2019 के विधानसभा चुनाव में पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 8.98 करोड़ थी। पांच साल बाद मई 2024 के लोकसभा चुनाव में यह संख्या बढकर 9.29 करोड़ हुई। इसके सिर्फ पांच महीने बाद नवंबर, 2024 के विधानसभा चुनाव तक यह संख्या बढ़कर 9.70 करोड़ हो गई।
हार से हताश राहुल गांधी लगा रहे आरोप
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी द्वारा 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को ‘लोकतंत्र में धांधली करने का ब्लूप्रिंट’ करार दिये जाने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए शनिवार को कहा कि कांग्रेस नेता कई चुनाव में हार से दुखी और हताश है और इसलिए ‘विचित्र साजिशें रचने का’ आरोप लगा रहे हैं।
राहुल ने मतदाताओं का किया अपमान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने राज्य में पिछले साल हुए विस चुनाव में भाजपा के पक्ष में धांधली किये जाने का दावा कर यहां के लोगों और महिला मतदाताओं का ‘अपमान’ किया है।
फडणवीस ने कहा कि राहुल द्वारा किए गए दावे आगामी बिहार विस चुनावों में कांग्रेस की हार की उनकी स्वीकारोक्ति के समान हैं।
| Tweet![]() |