ममता सरकार पांच-छह महीने में गिर जाएगी: बंगाल BJP सांसद

Last Updated 16 Jul 2023 05:14:49 PM IST

पश्चिम बंगाल के दो शीर्ष भाजपा नेताओं ने रविवार को भविष्यवाणी की कि राज्‍य में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली वर्तमान तृणमूल कांग्रेस सरकार अगले पांच-छह महीने के भीतर गिर सकती है।


ममता सरकार पांच-छह महीने में गिर जाएगी: बंगाल BJP सांसद

उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के लोकसभा सदस्य और केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने अपनी भविष्यवाणी के पीछे तर्क बताए बिना कहा, "मैं गारंटी दे सकता हूं कि वर्तमान राज्य सरकार पांच-छह महीने से अधिक नहीं चलेगी।"

ठाकुर द्वारा यह भविष्यवाणी करने के कुछ घंटों बाद, पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और बालुरघाट से पार्टी के लोकसभा सदस्य सुकांत मजूमदार ने भी कुछ विस्तार से इसी तरह की भविष्यवाणी की।

मजूमदार ने कहा, "राज्य सरकार पांच-छह महीने के भीतर किसी भी समय गिर सकती है। राज्य सरकार कैसे काम करती है? यह निर्वाचित विधायकों के समर्थन के कारण है। यह संभव है कि कभी भी विधायकों का एक समूह अपना समर्थन वापस ले ले।"

उनके अनुसार, एक निर्वाचित राज्य सरकार के गिराए जाने की एक और संभावना है। मजूमदार ने बताया, "मान लीजिए कि कोई जन आंदोलन है और दबाव के कारण विधायकों का एक समूह इस्तीफा दे देता है। यह एक और संभावना है।"

उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में कोई भी संभावना कभी भी सामने आ सकती है।

तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इसी तरह के कई अनुमान लगाए थे। उन्होंने कहा, "अब वे समय बताकर भविष्यवाणी कर रहे हैं। उन्हें ऐसी भविष्यवाणियां करने दीजिए। उनके सपने कभी पूरे नहीं होंगे। भाजपा का पश्चिम बंगाल में कोई जनाधार नहीं है।"

आईएएनएस
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment