राहुल गांधी ने फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका, कहा- नफरत, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे उठा रही है भारत जोड़ो यात्रा

Last Updated 11 Jan 2023 11:12:29 AM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने से पहले आज बुधवार सुबह गुरुद्वारा फतेहगढ़ साहिब में मत्था टेका।


राहुल ने फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका

इस दौरान राहुल गांधी पगड़ी पहने और आधी बाजू की टी-शर्ट पहने नजर आए। गांधी के साथ कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

 

इस दौरान राहुल ने कहा कि यह यात्रा देश के सबसे बड़े मुद्दों- नफरत, बेरोजगारी और मुद्रास्फीति को उठाने और उनके खिलाफ लड़ने के लिए है। ध्वजारोहण समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यात्रा बोलने की नहीं बल्कि सुनने की है। जो भी आए उसे सुनें.. उठाए गए मुद्दे पर केवल संक्षेप में विचार रखें।

हम सुबह जल्दी उठकर चलना शुरू करते हैं और शाम तक हम लोगों से मिलते हैं और उनके मुद्दों को सुनते हैं। मैं सुबह के ब्रेक के बाद लोगों से मिल रहा हूं और जमीनी स्तर पर प्रतिक्रिया प्राप्त करने की कोशिश कर रहा हूं।

कांग्रेस नेता ने पंजाब में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा से एक दिन पहले मंगलवार को अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में भी मत्था टेका था।

वह मंगलवार शाम फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद पहुंचे और रात को वहीं रुके।

कड़ाके की सर्दी के बीच बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता यात्रा के लिए यहां एकत्र हुए थे।

यात्रा के पंजाब-चरण के कार्यक्रम के अनुसार, यह फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद से शुरू होगी और मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना, साहनेवाल, लुधियाना, गोराया, फगवाड़ा, जालंधर, दसुआ और मुकेरियां से होकर गुजरेगी।

यात्रा के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश से पहले 19 जनवरी को पठानकोट में पार्टी की एक रैली होगी।

गांधी सुबह और शाम तीन-तीन घंटे पैदल चलकर 25 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।

तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यात्रा 30 जनवरी तक श्रीनगर में पहुंचने पर समाप्त होगी, जहां गांधी जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

यह पदयात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से होकर गुजर चुकी है।

भाषा/आईएएनएस
सरहिंद, फतेहगढ़ साहिब (पंजाब)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment