गुजरात की जनता परिवर्तन के लिए एकजुट: खरगे

Last Updated 01 Dec 2022 10:32:41 AM IST

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू होने के बाद बृहस्पतिवार को कहा कि लोग भारी संख्या में निकलें और राज्य के प्रगतिशील भविष्य के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।


कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)

खरगे ने यह भी कहा कि गुजरात की 7 करोड़ जनता परिवर्तन के लिए एकजुट है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘गुजरात की 7 करोड़ जनता परिवर्तन के लिए एकजुट है। मतदान में भागीदारी लोकतंत्र की आत्मा होती है। इस बार गुजरात में पहली बार वोट डाल रहे युवा साथियों का बहुत-बहुत स्वागत।’’

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘गुजरात के सभी भाई बहनों से अपील है, वोट करें… रोज़गार के लिए, सस्ते गैस सिलेंडर के लिए, किसानों की कर्ज़ा माफी के लिए, गुजरात के प्रगतिशील भविष्य के लिए। भारी संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएं।’’

गुजरात विधानसभा की कुल 182 सीटों में से 89 सीटों पर बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे मतदान आरंभ हो गया। ये सीटें राज्य के 19 जिलों में फैली हुई हैं और इस चरण में कुल 788 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी हुई है।

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment