Himanchal Assembly Election: कांगड़ा के चुनावी सभा में मोदी बोले, कांग्रेस ने केंद्र की सत्ता में रहते हुए हिमाचल से ‘विश्वासघात’ किया

Last Updated 09 Nov 2022 02:12:42 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में ‘डबल इंजन’ वाली स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस को ‘अस्थिरता, भ्रष्टाचार और घोटालों’ के लिए जिम्मेदार ठहराया।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

कांगड़ा जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और उस पर केंद्र की सत्ता में रहने के दौरान राज्य के साथ ‘विश्वासघात’ करने का आरोप भी लगाया।

कांगड़ा जिले में राज्य में सर्वाधिक विधानसभा सीट हैं। यहां रैली को संबोधित कर रहे प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस यदि राज्य में सरकार बनाती है तो केवल विकास को बाधित ही करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार केवल दो राज्यों-राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बची है। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या उन्होंने कभी वहां से विकास की खबरें सुनी हैं, वहां से कांग्रेस के भीतर मचे घमासान की खबरें आती हैं।

मोदी ने तमिलनाडु, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस के खिलाफ जनता में इतना गुस्सा है कि उसे दशकों से कई राज्यों में दोबारा सत्ता में आने का मौका नहीं मिला है।

प्रधानमंत्री ने अनेक राज्यों में सत्ता में रहने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दोबारा सरकार में आने का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की पहचान जनता के बीच सुशासन और गरीब समर्थक नीतियों की है और इसलिए वह बार-बार सरकार में आती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल वही कहती है, जो कर सकती है और फिर अपने वादों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाती है।

मोदी ने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों की जड़ें अब भी परिवार के शासन और वोट बैंक की राजनीति में हैं।

भाषा
चंबी (हिमाचल प्रदेश)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment