यूपीए सरकार में राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ किया गया खिलवाड़ : अमरिंदर सिंह

Last Updated 19 Sep 2022 07:19:24 PM IST

पंजाब में लंबे समय तक कांग्रेस के मुख्यमंत्री रह चुके अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार के रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने पूरे कार्यकाल के दौरान सेना के तीनों अंगों के लिए एक भी हथियार की खरीद नहीं की, जबकि चीन और पाकिस्तान की तरफ से बढ़ रहे खतरे के मद्देनजर यह उस समय बहुत जरूरी था।


पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके अमरिंदर सिंह

सोमवार को भाजपा में शामिल होने और अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय करने के बाद अमरिंदर ने पंजाब की चिंताजनक हालात और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वो 52 साल से राजनीति में हैं। पंजाब सीमावर्ती राज्य है, जहां पाकिस्तानी ड्रोन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य में अराजकता फैलाने के लिए ड्रोन के जरिए ड्रग्स, हथियार और पैसा भेजा जा रहा है और यह हमारी सीमा के 42-43 किमी तक अंदर आ रहा है।

अमरिंदर सिंह ने आगे कहा कि भाजपा ही एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत कर रही है और इसलिए उन्होंने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में करने का फैसला किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति आभार भी जताया।

सोमवार को भाजपा मुख्यालय में अमरिंदर सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू , सुनील जाखड़ और पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय भी कर दिया। अमरिंदर सिंह के साथ-साथ पंजाब के कई पूर्व विधायकों और पूर्व लोक सभा सांसद ने भी भाजपा की सदस्यता ली। अमरिंदर सिंह के बेटे रण इंदर सिंह, बेटी जय इंदर कौर और नाती निर्वाण सिंह भी सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। कांग्रेस से लोक सभा सांसद और अपनी पत्नी परनीत कौर के भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए अमरिंदर सिंह ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि जो काम हसबैंड करे वही काम वाइफ भी करे।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अमरिंदर सिंह और उनके नेताओं का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री होने के बावजूद अमरिंदर सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा को हमेशा पार्टी के राजनीतिक हितों से ऊपर रखा और यही उनकी सबसे बड़ी खूबी रही है। दोनों मंत्रियों ने यह दावा किया कि अमरिंदर सिंह के भाजपा में शामिल होने से भाजपा की ताकत पंजाब में और ज्यादा बढ़ेगी और मजबूत होगी। साथ ही पंजाब की सुरक्षा एवं राष्ट्र की सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

भाजपा में शामिल होने के बाद अमरिंदर सिंह ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी की।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment