25 सितंबर को होने वाली सम्मान दिवस रैली को सफल बनाने में जुटी इनेलो

Last Updated 10 Sep 2022 01:35:57 PM IST

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने अपनी पार्टी की सम्मान दिवस रैली को सफल बनाने के लिए पूरे राज्य का दौरा करने का लक्ष्य रखा है।


इनेलो (फाइल फोटो)

उनके बेटे अभय सिंह चौटाला भी फतेहाबाद में 25 सितंबर को होने वाली रैली में समर्थन जुटाने के वास्ते कमर कस रहे हैं। गौरतलब है कि 25 सितंबर को पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल की जयंती भी है। रैली की सफलता से इनेलो का मनोबल कई गुना बढ़ सकता है क्योंकि विधानसभा में पार्टी की केवल एक सीट है और वह 2005 से सत्ता से बाहर है।

पार्टी ने इसके लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव समेत अन्य दलों के कई नेताओं को रैली में आने का न्योता दिया है। ओम प्रकाश चौटाला अपनी जनसभाओं में भाजपा शासित सरकारों पर जमकर हमला बोलते हैं।

एक जनसभा में चौटाला ने कहा, “लोग तंग आ चुके हैं। एक मजबूत मोर्चा बनाना हमारा लक्ष्य है ताकि अगले चुनाव में इस सरकार को सत्ता से बाहर किया जा सके।”

अपने पिता देवी लाल का हवाला देते हुए वह कहते हैं कि उनका (देवी लाल का) सपना पूरा करना पार्टी का मुख्य मिशन है। इनेलो के अध्यक्ष और उनके बेटे आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से अन्य पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं से लगातार बैठकें कर रहे हैं। अभय का कहना है कि 25 सितंबर को होने वाली रैली परिवर्तन की शुरुआत करेगी।

उन्होंने कहा, “यह ऐतिहासिक सम्मान दिवस होगा। इसमें लाखों लोग भाग लेंगे। बड़े स्तर पर प्रतिक्रिया आ रही है। मैंने कई गांवों और जिलों का दौरा किया है। चौटाला साहब ने 22 जिलों का दौरा किया है और उनकी सभा में हजारों लोग पहुंच रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि किसान, महिलाएं और व्यापारी सभी केंद्र और राज्य में भाजपा नीत सरकारों से नाराज हैं।

भाषा
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment