हिमाचल में बारिश से तबाहीः मंडी में बाढ़ और भूस्खलन से 14 लोगों की मौत की आशंका, चंबा में मकान ढहने से तीन की मौत

Last Updated 20 Aug 2022 10:40:05 AM IST

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोगों के भी मारे जाने की आशंका है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।


चंबा में भूस्खलन के बाद मकान ढहा, तीन की मौत

अधिकारियों ने बताया कि राज्य के चंबा जिले में भी शनिवार सुबह बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद एक मकान ढहने से उसमें रह रहे तीन लोगों की मौत हो गई।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मंडी में शुक्रवार रात मंडी-कटोला-प्रसार मार्ग पर बाघी नाले में एक लड़की का शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बाढ़ में लड़की के परिवार के पांच सदस्यों के भी बह जाने की खबर है।

विभाग के अनुसार, बादल फटने के बाद कई परिवारों ने बागी से पुराने कटोला क्षेत्र के बीच स्थित अपने घरों को छोड़ दिया और सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

अधिकारियों ने बताया कि गोहर विकास खंड के काशान गांव में भूस्खलन के बाद एक परिवार के आठ सदस्यों के भी उनके घर के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।

विभाग के मुताबिक, अचानक आई बाढ़ और कई जगहों पर भूस्खलन के कारण मंडी जिले की कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बल्ह, सदर, थुनाग, मंडी और लामाथच में अचानक आई बाढ़ के बाद घरों और दुकानों में पानी घुस जाने के कारण कई ग्रामीण वहां फंस गए हैं, जबकि दर्जनों वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

चंबा में भूस्खलन के बाद मकान ढहा, तीन की मौत
अधिकारियों ने बताया कि मंडी जिले में अचानक आई बाढ़ के चलते घरों में पानी घुस गया, जिससे कुछ ग्रामीण वहां फंस गए और कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। चंबा जिला आपातकालीन अभियान केंद्र (डीईओसी) के अधिकारियों ने बताया कि चौवारी तहसील के बनेत गांव में शनिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे भूस्खलन हुआ, जिसके बाद एक मकान ढह
गया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मंडी में तड़के 4.15 बजे अचानक आई बाढ़ के बाद बल्ह, सदर, थुनाग, मंडी और लामाथाच में कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। उन्होंने बताया कि बाढ़ से सड़क किनारे खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और स्थानीय निवासी अपने घरों के अंदर फंसे रहे। हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रबंधन विभाग ने 25 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण भूस्खलन की चेतावनी जारी की है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सिरमौर, सोलन, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर जिलों में अगले तीन-चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने और कुछ हिस्सों में भारी वर्षा होने का अनुमान है।

मोख्ता ने जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों (डीईओसी) को पर्याप्त सुरक्षा उपाय करने का निर्देश दिया है, क्योंकि इस अवधि में भूस्खलन, अचानक बाढ़ आने, बादल फटने, चट्टान गिरने, नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने, खराब दृश्यता और आवश्यक सेवाओं में व्यवधान की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

भाषा/आईएएनएस
शिमला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment