लुधियाना बम ब्लास्ट : खालिस्तानियों और पाकिस्तान से जुड़े लिंक!

Last Updated 26 Dec 2021 03:55:06 AM IST

पंजाब के पुलिस महानिदेशक सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने शनिवार को कहा कि लुधियाना जिला अदालत में जिस पूर्व पुलिस हेड कांस्टेबल की मौत हुई थी, उसके खालिस्तानी तत्वों और आतंकवादियों से संबंध थे। डीजीपी ने कहा कि घटना के पीछे पाकिस्तान स्थित तत्वों का भी हाथ होने का अंदेशा है।


लुधियाना बम ब्लास्ट

चट्टोपाध्याय ने कहा कि हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह को 2019 में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि सिंह बम के पुजरें को जोड़ने और बम को कहीं लगाने के लिए शौचालय गया था। जब बम फटा तब सिंह शौचालय में अकेला था। चट्टोपाध्याय ने बताया कि सिंह अपने गृह नगर खन्ना में एक पुलिस थाने में ‘मुंशी’ के पद पर तैनात था और मादक पदार्थ के एक मामले में उसे नौकरी से निकाला गया था।

सिंह को 2019 में 385 ग्राम हेरोइन लेकर चलने के लिए मादक पदार्थ रोधी कार्यबल द्वारा गिरफ्तार किया गया था और उस पर स्वापक औषधि तथा मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम 2019 के तहत मामला दर्ज किया गया था। डीजीपी ने कहा कि सिंह जेल में दो साल तक सजा काट चुका था और वर्तमान में जमानत पर रिहा था। उन्होंने कहा कि मामले की अगली सुनवाई, धमाका होने के एक दिन बाद, 24 दिसंबर को होने वाली थी।

चट्टोपाध्याय ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सिंह का पंजाब के भीतर और विदेश में खालिस्तानी तत्वों, आतंकी संगठनों, माफिया समूहों और मादक पदार्थ तस्करों से संबंध था।

धमाके में पाकिस्तानी हाथ होने के सवाल पर डीजीपी ने कहा कि पुलिस को ‘पूरा शक है’, लेकिन वह निश्चित तौर पर अभी नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि अब तक जो सुराग मिला है उससे प्रतीत होता है कि इस घटना के पीछे पाकिस्तान में बैठकर संचालन कर रहे किसी व्यक्ति का हाथ था।

यह पूछे जाने पर कि क्या धमाके में पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी समर्थकों का हाथ था, तो चट्टोपाध्याय ने कहा कि खालिस्तानी तत्वों और नाकरे आतंकवाद से संबंध होने का संकेत मिला है। उन्होंने कहा कि सिंह पर मादक पदार्थ का मामला चल रहा था और माफिया के साथ उसका संपर्क भी स्थापित हो चुका था। डीजीपी ने कहा कि धमाके में प्रयुक्त हुआ विस्फोटक वैसा ही था, जैसा आतंकवादी इस्तेमाल करते हैं और ऐसा लगता है कि वह सीमापार से आया होगा।

भाषा
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment