पंजाब के लुधियाना कोर्ट में धमाका, 2 लोगों की मौत, मौके पर पहुंचें CM चन्नी

Last Updated 23 Dec 2021 01:11:57 PM IST

पंजाब के लुधियाना शहर के जिला अदालत परिसर में हुए विस्फोट में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने विस्फोट में घायल लोगों से अस्पताल में जाकर मुलाक़ात की।


CM चरणजीत सिंह चन्नी ने लुधियाना कोर्ट धमाके में घायल लोगों से मुलाक़ात की

न्यायालय परिसर जिला आयुक्त कार्यालय के निकट स्थित है।

पुलिस ने बताया कि विस्फोट दूसरी मंजिल के वॉशरूम में दोपहर करीब 12.2 बजे हुआ।

वकीलों की हड़ताल के कारण विस्फोट के समय अधिक लोग मौजूद नहीं थे। घायलों में एक की पहचान अधिवक्ता आर.एस. मांड के रूप में हुई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और कोर्ट परिसर खाली करा दिया गया है।

धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और खिड़की के शीशे टूट गए।

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि वह जल्द ही लुधियाना पहुंचेंगे।

चन्नी के हवाले से कहा गया, "लुधियाना में एक विस्फोट हुआ है। मैंने एक बैठक पूरी कर ली है और मैं जल्द ही लुधियाना जाऊंगा।"

उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चूंकि राज्य में चुनाव नजदीक हैं और सरकार ऐसी घटनाओं को लेकर सतर्क है।

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस को मामले की तह तक जाना चाहिए। अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, "लुधियाना कोर्ट परिसर में विस्फोट की खबर परेशान करने वाली है। दो लोगों की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। घायलों के ठीक होने के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। पंजाब पुलिस को इसकी तह तक जाना चाहिए।"

आईएएनएस
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment