ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का पार्थिव शरीर गृहनगर भोपाल के लिए रवाना, अंतिम संस्कार कल

Last Updated 16 Dec 2021 03:12:41 PM IST

भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के सैन्य अधिकारियों ने गुरुवार को बेंगलुरु के येलहंका एयर बेस पर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को श्रद्धांजलि दी। बाद में, उनके पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर भोपाल भेजा गया।


वरुण सिंह का पार्थिव शरीर गृहनगर के लिए रवाना

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार दोपहर तीन बजे तक पार्थिव शरीर भोपाल पहुंच जाएगा और शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए वायु सेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि देने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय और सैनिक सम्मान के साथ भोपाल में किया जायेगा। चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘मां भारती के सपूत, शौर्य के प्रतीक, वीर जवान, श्रद्धेय वरुण सिंह जी के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय और सैनिक सम्मान के साथ किया जायेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘श्रद्धेय वरुण सिंह जी की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने के लिए उनकी प्रतिमा की स्थापना और संस्था का नामकरण उनके नाम पर किया जायेगा।’’

वरुण बुधवार (15 दिसंबर) को बेंगलुरु के आर्मी कमांड अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गए। हेलीकॉप्टर दुर्घटना में वह अकेला जीवित व्यक्ति थे, जिसमें चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल (सीडीएस) बिपिन रावत और 12 अन्य का निधन हो गया था।

वरुण सिंह को लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था और उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें पिछले गुरुवार को तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के वेलिंगटन में सैन्य अस्पताल से बेंगलुरु के एचएएल हवाई अड्डे पर लाया गया था।



भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने ट्विटर पर कहा, "आईएएफ को बहादुर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की सूचना देते हुए गहरा दुख हो रहा है, जो 8 दिसंबर, 2021 को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में घायल हो गए थे। आईएएफ गंभीर संवेदना व्यक्त करता है और शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है।"

आईएएनएस/भाषा
बेंगलुरु


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment