ट्रेन में ननों के साथ दुर्व्यवहार के मुद्दे पर प्रियंका ने BJP-RSS को घेरा

Last Updated 30 Mar 2021 05:04:13 PM IST

कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाद्रा ने केरल की ननों के साथ कथित तौर पर हुए दुर्व्यवहार के मुद्दे पर मंगलवार को भाजपा और आरएसएस की आलोचना की और दावा किया कि गृह मंत्री अमित शाह ने घटना की निंदा इसलिए की क्योंकि चुनाव सिर पर हैं।


कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाद्रा केरल में संबोधित करती हुई।

कोल्लम जिले के करुणागापल्ली में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए वाद्रा ने कहा, ‘‘यह चुनाव का समय है। इसलिए जब झांसी में ननों को ट्रेन से उतारा गया और उनके ही लोगों द्वारा परेशान किया गया तब केंद्रीय मंत्री ने इसे गलत बताया। बाकी समय वे इस तरह के बर्ताव को प्रोत्साहित करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की युवा इकाई के लोगों को किसने अनुमति दी कि वे ट्रेन में महिलाओं को परेशान करें? किसने उन्हें यह अधिकार दिया कि ननों और उनके साथ की लड़कियों के कागज की जांच करें?’’

वाद्रा ने कहा, ‘‘किसने उन्हें उनका धर्म पूछने की इजाजत दी? क्या हम यह मानकर चल रहे हैं कि हमारे देश में महिलाएं किसी के द्वारा परेशान किए बिना ट्रेन में यात्रा नहीं कर सकतीं और उन्हें कुछ गुंडों को जवाब देना होगा कि वे किसके प्रति आस्था रखती हैं?’’
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि उन्होंने ननों से फोन पर बात की थी और उन्होंने बताया कि वे चिंतित हैं। वाद्रा ने कहा कि उन्हें (ननों) ट्रेन से उतारा गया, वे डरी हुई थीं और उनकी सुरक्षा करने वाला कोई नहीं था।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा और आरएसएस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर खोखले बयान देते हैं तो वह झूठा ही होता है क्योंकि वे महिलाओं का सम्मान नहीं करते।
वाद्रा ने कहा कि चुनाव के समय के अलावा बाकी वक्त वे (भाजपा) यही कहते हुए बिताते हैं कि महिलाओं को क्या पहनना चाहिए, क्या काम करना चाहिए, कहां जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘उनके मंत्री महिलाओं की जींस पर बयान देते हैं। उनके एक मंत्री ने कहा था कि एक कानून होना चाहिए कि जब महिलाएं जिले से बाहर जाएं तो उन्हें पुलिस में पंजीकरण कराना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं की पहचान का सम्मान नहीं करती। वाद्रा केरल में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने के लिए आई हैं।

भाषा
करुणागापल्ली (केरल)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment