राज्यपाल से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल, देवेंद्र फडणवीस बोले- महाराष्ट्र सरकार ने नैतिकता खो दी है

Last Updated 24 Mar 2021 01:35:24 PM IST

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता देवेन्द्र फडनवीस ने आरोप लगाया है कि राज्य में भ्रष्टाचार के इतने मामले सामने आने के बावजूद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अभी तक एक भी बयान नहीं दिया है।


विपक्ष के नेता देवेन्द्र फडनवीस

फडनवीस के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार सुबह राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

फडनवीस ने ज्ञापन सौंपने के बाद संवाददाताओं से कहा कि महाराष्ट्र सरकार हफ्ता वसूली वाली सरकार है।

उन्होंने कहा कि वसूली और तबादले का भ्रष्टाचार उजागर करने वाले अधिकारियों का तबादला कर दिया गया और जो लोग इसमें शामिल हैं, उनके खिलाफ  ठाकरे ने एक भी शब्द नहीं कहा। उन्होंने नैतिकता को पैरों तले कुचल दिया।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने दो बार संवाददाताओं से बात की लेकिन वह सिर्फ अपने मंत्रियों को बचाते रहे।

उन्होंने कांग्रेस पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि क्या उसे वसूली में से हिस्सा मिल रहा है, जिसके कारण वह चुप है।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक पर बैठे हुए कोश्यारी से मुलाकात कर उन्हें सारी जानकारी दे दी गयी है। उन लोगों ने राज्यपाल से मांग की है कि वह मुख्यमंत्री से भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाब मांगे और उनके जवाब के आधार पर कार्रवाई करें।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार मनमाने तरीके से सरकार चला रही है और जनता के प्रति जवाबदेह नहीं है। यदि यह सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती तो भाषण देने की बजाय कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए काम करती।

सरकार के ढीले रवैये के कारण महाराष्ट्र में सबसे अधिक कोरोना वायरस के मरीज बढ़ रहे हैं।

प्रतिनिधि मंडल में फडनवीस के अलावा सर्वश्री सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, मंगल प्रभात लोढ़ा और राधाकृष्ण पाटिल आदि शामिल थे।
 

 

 

वार्ता
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment