गुरुग्राम में गिरा निर्माणाधीन एलिवेटेड फ्लाईओवर
गुरुग्राम के सबसे महंगे और लंबे एलिवेटेड फ्लाईओवर का शनिवार देर रात करीब 200 फीट का हिस्सा टूट गया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय वहां कोई नहीं था।
![]() गुरुग्राम में गिरा निर्माणाधीन एलिवेटेड फ्लाईओवर |
हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं।
गुरुग्राम-सोहना रोड स्थित सुभाष चौक से लेकर बादशाहपुर को पार करके भोंडसी तक एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली से मुंबई तक बनाए जा रहे एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 248ए पर यह फ्लाईओवर और छह लेन की सड़क बनाई जा रही है। कुल लागत 1900 करोड़ में से अभी 900 करोड़ के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।
छह किलोमीटर लंबे इस ऐलिवेटेड फ्लाईओवर का साउथ सिटी-2 मोड़ के पास व रेडिसन होटल के सामने करीब 200 फीट का हिस्सा यानी एक पिलर से दूसरे पिलर तक का हिस्सा बीती देर रात ढह गया। एक तरफ से पूरा मलबा नीचे आ गया और दूसरी तरफ से पिलर पर ही अटका रहा। इसके गिरने पर किसी बम ब्लास्ट जैसी आवाज आई तो आसपास के लोग भी कांप गए।
हादसे की जानकारी मिलने पर देर रात अधिकारी मौके पर पहुंचे। निर्माण कंपनी को भी इसकी सूचना दी गई। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय गिरने वाले हिस्से की थोड़ी दूरी पर करीब दो दर्जन मजदूर काम पर थे। उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किया था शिलान्यास
मनोहर सरकार-1 के कार्यकाल में इस फ्लाईओवर का शिलान्यास केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इसके बाद काम की शुरुआत उस समय पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे राव नरबीर सिंह ने की। गुरुग्राम से सोहना रोड पर बादशाहपुर तक लगने वाले यातायात जाम से यह फ्लाईओवर मुक्ति दिलाएगा।
| Tweet![]() |