कुशल प्रबंधन के लिए प्रदर्शनकारी बोले, थैंक्यू मुंबई पुलिस

Last Updated 20 Dec 2019 05:49:06 AM IST

एक ओर जहां राजधानी समेत देश के कई राज्यों में नए नागरिकता कानून और प्रस्तावित एनआरसी के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, पथराव और आगजनी हो रही है, वहीं इन मुद्दों पर बृहस्पतिवार को मुंबईकरों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन और मुंबई पुलिस का बेहतरीन प्रबंधन एक मिसाल बन गया।


अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन शांति पूर्ण होने पर पुलिस को बधाई देता एक प्रदर्शनकारी।

यहां के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में वैसे तो इस प्रदर्शन का आयोजन भाकपा जैसे राजनीतिक दलों और नागरिक समाज समूहों ने किया, लेकिन इसमें लगभग सभी तबके के लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए हजारों लोगों की तादाद में  नार्थ ईस्ट के छात्रों से लेकर फिल्मी सितारों का जमावड़ा रहा। प्रदर्शन के बाद इसमें शामिल हुए लोगों ने जहां मुंबई पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया, वहीं कुछ ने कहा कि दिल्ली समेत देश की पुलिस को मुंबई पुलिस से सीख लेनी चाहिए।

फिल्म अभिनेता फरहान अख्तर ने ट्वीट कर कहा, आज के शांति पूर्ण प्रदर्शन के लिए मुंबई पुलिस वेल डन। एकत्रित सभी प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा का ख्याल रखने के लिए विशेष धन्यवाद। कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने ट्वीट किया, मैं आज अगस्त क्रांति मैदान में छात्रों और युवाओं के साथ शांति पूर्ण विरोध में शामिल हुआ और उनकी आवाज बुलंद की। मैं मुंबई पुलिस का उनके सहयोग के लिए आभारी हूं। एक ट्विटर यूजर तबस्सुम ने लिखा, अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मुंबई पुलिस का शुक्रिया।
एक अन्य ट्विटर यूजर शाहिल शाह ने लिखा, यदि आप अगस्त क्रांति मैदान वाले प्रदर्शन में शामिल रहे हो तो एक चीज जरूर करें, जो मैंने भी किया और वह है कि उस प्रत्येक पुलिस अधिकारी का धन्यवाद करें, जो वहां ड्यूटी पर तैनात था। आज उनके लिए बहुत तनाव भरा दिन रहा होगा। कोई उन्हें उनके अच्छे काम के लिए थैंक्स नहीं बोलता। अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने ट्वीट किया,  कैब के खिलाफ मुंबईकरों के आज के शांतिपूर्ण प्रदर्शन में देश के संविधान के प्रति उनकी जबर्दस्त एकजुटता, एकता और निष्ठा नजर आई। साथ ही मुंबई पुलिस का यह दिखाने के लिए धन्यवाद कि किस तरह से क्रमबद्ध और लोकतांत्रिक तरीके से भी विरोध की आवाज उठाई जा सकती है।
एक अन्य यूजर मोना अंबेगांवकर ने लिखा, मुंबई पुलिस से यह सीख ली जानी चाहिए कि किस तरह से शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किए जा सकते हैं। साथ ही यह कि किस तरह से अलग अलग पार्टियों के कार्यकर्ताओं, युवाओं, नागरिक समूहों व पूर्व सरकारी अधिकारियों ने मिलकर प्रदर्शन को शानदार बनाया। ट्विटर यूजर कुणाल कामरा ने अपने संदेश में लिखा, दिल्ली पुलिस को मुंबई आकर यहां की पुलिस से ट्रेनिंग लेनी चाहिए कि असहमति की बुलंद आवाज के दौरान भी किस तरह से शांति बनाए रखी जा सकती है।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment