पुलिस गोलीबारी में मंगलुरू में दो की मौत

Last Updated 20 Dec 2019 05:36:49 AM IST

संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ बृहस्पतिवार को दक्षिण भारत के कई शहरों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए।


पुलिस गोलीबारी में मंगलुरू में दो की मौत (File photo)

कर्नाटक के मंगलुरू में हिंसक हुए प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए पुलिस द्वारा चलाई गई गोलियों के कारण दो लोगों की मौत हो गई। मंगलुरू में प्रशासन ने शुक्रवार रात तक कर्फ्यू लगा दिया है। पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में भी विरोध प्रदर्शन हुए। हालांकि यहां प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।

तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु, चंडीगढ, जम्मू, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी प्रदर्शन हुए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने मंगलुरू उत्तर पुलिस थाने पर कब्जा करने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की जिसके बाद उन्हें तितर-बितर करने के लिए गोलियां चलायी गई।

पुलिस ने पुष्टि की कि दो लोग पुलिस की गोलियों से घायल हुए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान जलील कुदरोली (49) और नौशीन (23) के तौर पर की गई है। छात्रों के साथ प्रमुख हस्तियां भी बेंगलुरु और चेन्नई की सड़कों पर उतरे। मंगलुरू में निषेधाज्ञा उल्लंघन कर सड़कों पर प्रदर्शनकारियों को काबू में करने पुलिस ने लाठी चार्ज किया और उन्हें तितरबितर करने के लिए गोलियां चलाईं।

उधर, हैदराबाद में वाम दलों और हैदराबाद विश्वविद्यालय के करीब 50 छात्रों को ऐहतियातन हिरासत में लिया गया। पुलिस ने वाम दलों की एक रैली को भी रोक दिया। भाकपा के राष्ट्रीय सचिव के नारायण, पार्टी के तेलंगाना राज्य सचिव चडा वेंकट रेड्डी, तेलंगाना जन समिति प्रमुख एम कोडनडरम भी 350 लोगों में शामिल हैं जिन्हें हिरासत में लिया गया है।

भाषा
बेंगलुरू/हैदराबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment