हरियाणा कांग्रेस प्रवक्ता को गोलियों से भूना
सेक्टर-9 में एशियन अस्पताल के सामने बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े कार सवार तीन बदमाशों ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी को गोलियों से भून कर मार डाला। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए।
![]() फरीदाबाद : रोते-बिलखते विकास के परिजन (इंसेट में मृतक विकास चौधरी) |
विकास चौधरी बृहस्पतिवार सुबह जिम से लौट रहे थे, तभी अज्ञात कार सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने विकास पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर अपराध जांच शाखा, सेक्टर- आठ थाना पुलिस और डीसीपी क्राइम ने मौके का मुआयना किया। डीसीपी राजेश कुमार ने बताया कि बदमाशों की संख्या चार से पांच भी हो सकती है। हत्या का कारण अभी तक पता नहीं चला है।
हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अपराध जांच शाखा की टीमों को जांच में लगा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने गाड़ी को घेर कर तीन ओर से गोलियां चलाईं। उन्होंने स्वचालित हथियारों से 15 से 20 फायर किये।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने इस हत्याकांड की कड़ी निंदा की है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने विकास चौधरी की हत्या पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की है।
| Tweet![]() |