भ्रष्टाचार के लिए तीसरा ’जी‘ भी आ गया : शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने के फैसले का उपहास उड़ाते हुए मंगलवार को कहा कि किसी एक परिवार द्वारा चलाई जाने वाली सरकार लोगों की सेवा नहीं कर सकती, बल्कि सिर्फ एक मजबूर सरकार ही दे सकती है।
![]() भाजपा अध्यक्ष अमित शाह (file photo) |
शाह ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि संप्रग के शासनकाल में हमने टूजी जैसे बड़े घोटाले देखे थे। अब अधिक भ्रष्टाचार के लिये तीसरा ‘जी’ (गांधी) भी आ गया है.. पहले सोनिया जी, राहुल जी थे ही और अब हमारे पास प्रियंका जी (गांधी) हैं। फिर घोटाले का आकार क्या होगा? ’ कांग्रेस ने भ्रष्टाचार की दीर्घकालिक योजना बनाई है ।’
उन्होंने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस सरकार की भी आलोचना की और कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव से राज्य में लोकतंत्र बहाल होगा। भाजपा अध्यक्ष ने यहां एक रैली में कहा, ‘लोकसभा चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री चुने जाएंगे। लेकिन पश्चिम बंगाल में चुनाव लोकतंत्र बहाल करने के लिए है।’ उन्होंने कहा कि बंगाल में जब कांग्रेस थी तो राज्य में गरीबी की शुरुआत हुई, कम्युनिस्ट आये तो हिंसा की शुरुआत हुई और अब ममता बनर्जी के कार्यकाल में गरीबी और हिंसा के साथ-साथ सिंडिकेट भी चालू हो गया है।
शाह ने आरोप लगाया, ‘हम ममता दीदी की सरकार द्वारा राज्य में फैलाई जा रही अराजकता का विरोध करते हैं तो हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी जाती है।’ उन्होंने जोर दिया कि भाजपा के कार्यकर्ता रथ यात्रा लेकर बंगाल के घर-घर तक संपर्क करना चाहते थे, लेकिन बंगाल की सरकार ने हमें बंगाल की जनता से मिलने नहीं दिया। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता बंगाल की जनता के घर-घर जाकर लोकतंत्र की स्थापना करने का काम करेगा।
चिटफंड मालिकों ने ममता की पेंटिंग करोड़ों में खरीदी : अमित शाह ने आरोप लगाए कि चिटफंड कंपनियों के मालिकों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पेंटिंग करोड़ों रुपए में खरीदी। शाह ने कहा कि अगर भाजपा ने राज्य में अगली सरकार बनाई तो वह सुनिश्चित करेगी कि चिट फंड निवेश का शिकार बने हर निवेशक को उसका धन वापस मिले।
अमित शाह की रैली के बाद तृमूकां व भाजपा कार्यकर्ता भिड़े
कोलकाता (भाषा)।
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले में भाजपा प्रमुख अमित शाह की एक रैली के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। इस पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की।
दरअसल तृणमूल कांग्रेस पार्टी के एक कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना हुई जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं को ले जा रहे वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। दोनों पार्टियों के सूत्रों ने बताया, झड़प में तीन व्यक्ति घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा ने आरोप लगाया कि जिन बसों से भाजपा कार्यकर्ता रैली से लौट रहे थे, उस पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से हमला किया और आग लगा दी। वहीं तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस के कांठी में स्थित एक स्थानीय कार्यालय पर हमला किया और तोड़फोड़ की। उन्होंने बताया कि इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पलटवार किया और झड़प शुरू हो गई। राज्य में भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, हमारे समर्थक जब अमित शाह की रैली से लौट रहे थे तो उन पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। यह शर्मनाक है। हम इसकी आलोचना करते हैं। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि भाजपा राज्य की शांति और स्थायित्व को भंग करने की कोशिश कर रही है।
| Tweet![]() |