सेंटिनल आदिवासियों के हाथों मारा गया अमेरिकी सुनियोजित यात्रा पर था : एनसीएसटी प्रमुख

Last Updated 05 Dec 2018 11:50:03 AM IST

अंडमान में पिछले महीने सेंटिनल आदिवासियों के हाथों मारा गया अमेरिकी नागरिक वहां सुनियोजित रोमांचक यात्रा पर गया था।


आदिवासियों के हाथों मारा गया अमेरिकी सुनियोजित यात्रा पर था (फाइल फोटो)

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) के प्रमुख नंदकुमार साई ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह पर सेंटिनल जैसी कई आदिम जनजातियां हैं जिनसे बाहरी लोगों के संपर्क करने पर पाबंदी है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से ऐसा लगता है कि अमेरिकी नागरिक जॉन एलन चाऊ वहां सुनियोजित रोमांचक यात्रा पर गया था। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है।     

उत्तरी सेंटिनल द्वीप पर संरक्षित तथा एकांतवासी आदिवासियों ने 27 वर्षीय चाऊ की हत्या कर दी थी। चाऊ कुछ मछुआरों की मदद से वहां पहुंचे थे। उत्तरी सेंटिनल द्वीप पर जाने पर पाबंदी है।     

साई ने बताया कि चाऊ की यात्रा में मदद करने वाले लोगों की पहचान की कोशिश जारी है। इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘इन द्वीपों पर रहने वाले आदिम जनजाति के लोगों पर विदेशी नागरिकों की हमेशा से नजर रही है और उन्होंने पहले भी जनजातीय लोगों से संपर्क करने के प्रयास किए हैं। हमें इन जनजातियों के लोगों की सुरक्षा करने और उनके रहने के स्थान को बाहरी लोगों के लिए पूरी तरह बंद करने की जरूरत है।’’

 

भाषा
पोर्ट ब्लेयर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment