सबरीमला : हिन्दू महिला नेता की गिरफ्तारी के विरोध में केरल में हड़ताल

Last Updated 17 Nov 2018 10:10:26 AM IST

भगवान अयप्पा स्वामी के दर्शन के लिए सबरीमला जा रही संघ परिवार की वरिष्ठ नेता की गिरफ्तारी के विरोध में दक्षिणपंथी हिन्दू संगठनों ने शनिवार को केरल में सुबह से शाम तक हड़ताल बुलाई।


केरल में एक दिन की हड़ताल (फाइल फोटो)

विश्व हिन्दू परिषद के अध्यक्ष एस जे आर कुमार ने आरोप लगाया कि हिन्दू एक्यावेदी प्रदेश अध्यक्ष के पी शशिकला को पुलिस ने सबरीमला के निकट माराकोट्टाम से शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे गिरफ्तार किया।      
कुमार ने बताया कि वह भगवान की पूजा करने के लिए पूजन सामग्री लेकर पहाड़ी पर चढ रही थीं, उसी दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया। कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को भी एहतियातन हिरासत में लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल सरकार सबरीमला मंदिर को नष्ट करना चाहती है।      

विहिप नेता ने कहा कि हड़ताल के दौरान जरूरी सुविधाओं और अयप्पा श्रद्धालुओं के वाहनों को नहीं रोका जाएगा।      

उच्चतम न्यायालय द्वारा अयप्पा स्वामी मंदिर में सभी आयुवर्ग की महिलाओं को प्रवेश की अनुमति दिए जाने के बाद मंदिर तीसरी बार खुला है। शनिवार से शुरू हो रही दो महीने लंबी तीर्थ यात्रा के लिए मंदिर शुक्रवार को खुला। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।      



41 दिनों तक चलने वाला मंडलम उत्सव मंडला पूजा के बाद 27 दिसंबर को संपन्न होगा जब मंदिर को ‘अथाझापूजा’ के बाद शाम को बंद कर दिया जाएगा। यह 30 दिसंबर को मकराविलक्कू उत्सव पर फिर से खुलेगा।      

मकराविलक्कू उत्सव 14 जनवरी को मनाया जाएगा जिसके बाद मंदिर 20 जनवरी को बंद हो जाएगा।

 

 

भाषा
सबरीमला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment