Delhi Flood Alert: दिल्ली में यमुना खतरे के निशान के पार, निचले इलाकों में बाढ़ के हालात, लोगों के घरों में घुसा पानी, पुराना पुल बंद

Last Updated 03 Sep 2025 09:46:50 AM IST

Delhi Flood Alert: वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण, दिल्ली में यमुना नदी इस वर्ष पहली बार खतरे के निशान को पार कर गई। इसकी वजह से किनारे के कई निचले इलाकों में पानी घुस गया।


लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के साथ ही दिल्ली के यमुना पार इलाके के कुछ हिस्सों में पानी घरों में घुसने लगा। यमुना नदी सुबह खतरे के निशान को पार कर गई।

इसके चलते राष्ट्रीय राजधानी के निचले इलाकों में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। रात भर हुई बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों और घरों में पानी भर गया। मयूर विहार और यमुना पार क्षेत्र के आसपास के इलाकों में भी जलभराव देखा गया।

अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार शाम चार बजे दिल्ली के पुराने रेलवे पुल (ओआरबी) पर जलस्तर 206.03 मीटर दर्ज किया गया। इस पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। इससे पहले, सुबह छह बजे यमुना नदी खतरे के निशान 205.33 मीटर से काफी ऊपर 205.68 मीटर के स्तर पर पहुंच गई थी। यमुना का उच्चतम जल स्तर 208.66 मीटर है, जो जुलाई 2023 में दर्ज किया गया था।

जल स्तर बढ़ने के मद्देनजर जिला पदाधिकारियों ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना शुरू कर दिया है तथा ओआरबी को यातायात के लिए अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है।

केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया, जल स्तर बढ़ने का मुख्य कारण वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाना है।

पूर्वानुमान के अनुसार जल स्तर में और वृद्धि हो सकती है। शाम चार बजे तक हथिनीकुंड बैराज से 1.53 लाख क्यूसेक और वजीराबाद बैराज से 78,700 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

अधिकारियों ने बताया, मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, जब नदी ‘निकासी स्तर’ के निशान को पार कर जाती है, तो जिला अधिकारियों द्वारा अस्थायी आश्रय, टेंट और भोजन एवं पानी की आपूर्ति जैसी व्यवस्था की जाती है।

हरियाणा से रिकॉर्ड मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में अधिकारी ‘हाई अलर्ट’ पर हैं। पुराना रेलवे पुल नदी के प्रवाह और बाढ़ के संभावित खतरों पर नज़र रखने के लिए एक प्रमुख अवलोकन बिंदु है। 

समयलाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment