Chandigarh Mayor Election 2024: ‘AAP’ नेता राघव चड्ढा का दावा- चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज करेगा ‘I.N.D.I.A’ गठबंधन

Last Updated 16 Jan 2024 12:45:44 PM IST

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने मंगलवार को कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में जीत हासिल करेगा और यह जीत 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए शुरुआत होगी।


आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा (फाइल फोटो)

‘आप’ और कांग्रेस दोनों ने केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 18 जनवरी को होने वाले इस चुनाव के लिए सोमवार को गठबंधन बनाया। दोनों पार्टी इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) का हिस्सा हैं।

चड्ढा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्हें विश्वास है कि ‘इंडिया’ गठबंधन चंडीगढ़ में चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हरा देगा।

उन्होंने कहा, ‘‘चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव भाजपा और इंडिया गठबंधन के बीच पहला बड़ा मुकाबला होगा। यह 2024 के लोकसभा चुनाव का माहौल तैयार करेगा।’’



मेयर चुनाव के लिए गठबंधन के समझौते के अनुसार, ‘आप’ महापौर सीट के लिए चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर पदों के लिए चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस, ‘आप’, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया है।

 

35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा के 14 पार्षद हैं। पार्टी में एक पदेन सदस्य सांसद भी होता है जिसके पास मतदान का अधिकार होता है।

आप के 13 और कांग्रेस के सात पार्षद हैं। सदन में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का एक पार्षद है।

महापौर, वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पद के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा।

कांग्रेस ने 2022 और 2023 में मतदान में भाग नहीं लिया था जिससे महापौर के चुनाव में भाजपा की जीत हुई।

सदन के पांच साल के कार्यकाल के दौरान हर साल तीन पदों के लिए चुनाव होते हैं। इस साल महापौर की सीट अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए सुरक्षित है।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment