'आप' में शामिल हुए कांग्रेस के दो पार्षद व कांग्रेस उपाध्यक्ष रातोंरात वापस कांग्रेस में

Last Updated 10 Dec 2022 10:30:26 AM IST

दिल्ली नगर निगम चुनाव के रिजल्ट आने के सिर्फ दो दिन बाद ही कांग्रेस को झटका देते हुए पार्टी के दो नव निर्वाचित पार्षद सबिला बेगम और नाजिया खातून और दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेंहदी शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए थे। क्षेत्रीय लोगों के भारी विरोध के चलते रातोंरात पुन: कांग्रेस में वापस आ गये।


'आप' में शामिल हुए कांग्रेस के दो पार्षद व कांग्रेस उपाध्यक्ष वापस कांग्रेस में

अली मेहंदी के घर का किया घेराव
रात को कांग्रेस नेता अली मेहंदी के साथ नवनिर्वाचित पार्षद सबीला बेगम और नाज़िया खातून आम आदमी पार्टी में शामिल होने की जैसे ही बात सामने आई, क्षेत्रीय लोग भड़क गए। गुस्साए लोगों ने अली मेहंदी के निवास को घेर लिया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। गुस्साए लोगों का कहना था कि हमने कांग्रेस को वोट दिया था, लेकिन इन्होंने हमारे साथ विश्वाससघात किया है।

अली मेहंदी दो दिन पहले तक आम आदमी पार्टी को मुस्लिम विरोधी बताते थे, लेकिन अचानक क्या हो गया कि वे आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। अगर उन्हें ऐसा ही करना था तो चुनाव से पहले ही वे आम आदमी पार्टी में चले जाते और उसकी टिकट पर चुनाव लड़ते। गुस्साए लोगों ने अली मेहंदी का पुतला भी फूंका।

क्षेत्रीय लोगों के भारी विरोध के चलते आम आदमी पार्टी में शामिल होने के कुछ घंटे बाद ही इन सभी ने घर वापसी कर ली। दिन में आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले उपाध्यक्ष अली मेहदी समेत दोनों पार्षदों ने रात में ऐलान किया कि उनसे गलती हुई है और वे वापस कांग्रेस में लौट आए हैं। नव-निर्वाचित पार्षद सबिला बेगम को शुक्रवार की रात करीब दो बजे पार्टी के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी द्वारा उन्हें फिर से शामिल किया गया।



दरअसल, आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को ट्वीट कर दावा किया था कि दिल्ली के विकास के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अली मेहदी, नवनिर्वाचित पार्षद सबिला बेगम और नाजिया खातून आप में शामिल हो गईं और उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। पार्टी ने बकायदा इसकी तस्वीर भी जारी की थी।

मगर शुक्रवार की रात में कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और दिल्ली इकाई के उपाध्यक्ष अली मेहदी ने ट्वीट कर बताया कि कांग्रेस की पार्षद सबिला बेगम समेत आप में शामिल हुए सभी कांग्रेस नेताओं की घर वापसी हो गई। बता दें कि दल-बदल कानून एमसीडी चुनाव पर लागू नहीं होता है।

समयलाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment