MCD Election : आखिरी दिन प्रमुख दल के नेताओं ने किया धुंआधार प्रचार

Last Updated 03 Dec 2022 09:00:32 AM IST

दिल्ली नगर निगम चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा, आप व कांग्रेस के स्टार नेताओं ने धुंआधार प्रचार किया।


MCD Election : आखिरी दिन प्रमुख दल के नेताओं ने किया धुंआधार प्रचार

भाजपा के उम्मीदवारों के समर्थन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, हरदीप पुरी, अनुराग ठाकुर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं स्थानीय सांसद प्रचार में उतरे। उधर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने योग प्रशिक्षकों और व्यापारिक संगठनों के साथ संवाद किया वहीं उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज इलाके में रोड शो किया, जबकि आप सांसद सुशील गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली के करीब 50 वाडरे में डोर-टू-डोर प्रचार किया। दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं ने पटपड़गंज गांव में रोड शो किया, जबकि भलस्वां इलाके में पब्लिक मीटिंग का आयोजन किया गया।

भाजपा : दिल्ली को भ्रष्टाचार मुक्त करेंगे

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, हरदीप पुरी, अनुराग ठाकुर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं स्थानीय सांसद प्रचार में उतरे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए केजरीवाल को हराएं। उन्होंने पांडव नगर, मंडावली, मयूर विहार फेज-2, प्रीत विहार, पड़पड़गंज, शकरपुर एवं आईपी एक्सटेंशन में रोड शो किया। रोड शो के दौरान उन्होंने वार्ड उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा और अधिक से अधिक वोट देकर जिताने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ईस्ट पटेल नगर, नारायणा, गुरु  हरकिशन नगर, मंगोलपुरी बी और रंजीत नगर में मेगा रोड शो करके प्रचार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला और आरोप लगाया कि वह दंगाईयों, भ्रष्टाचारियों को खुला संरक्षण दे रहे हैं। मंत्री सत्येंद्र जैन के वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी केजरीवाल को कटघरे में खड़ा किया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने निलौठी, केशवपुर एवं झड़ौदा वार्ड में रोड शो किया। उन्होंने लोगों को आस्त किया कि केंद्र की मोदी सरकार दिल्ली के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। दुखद यह है कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने केंद्र की विकास एवं सामाजिक योजनाओं के लाभ से दिल्ली वालों को वंचित रखा है। शाहदरा में आयोजित रोड शो में शामिल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे पार्टी के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं।

प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पटेल नगर, बिजवासन एवं शास्त्री नगर पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांगें। उन्होंने कहा कि भाजपा भारी संख्याबल के साथ नगर निगम में लौटेगी। उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रोहतास नगर, हर्ष विहार, जौहरी पुर में रोड शो किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि आप लोग भाजपा के समर्थन में मतदान करें। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, निगम चुनाव संयोजक आशीष सूद, सांसद डॉ हषर्वर्धन, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह, हंसराज हंस, भोला सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, कपिल मिश्रा, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, हर्ष मल्होत्रा एवं दिनेश प्रताप सिंह ने भी प्रचार कर उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा।



AAP : एमसीडी से ‘भ्रष्टाचार’ साफ करने के लिए आप को एक मौका दें

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी चुनाव से पहले शुक्रवार को मतदाताओं से ‘भ्रष्टाचार से ग्रस्त एमसीडी’ को साफ करने के लिए आप को एक मौका देने की अपील की। राष्ट्रीय राजधानी में व्यापारियों की ‘टाउन हॉल’ जैसी बैठक को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि ऐसा कभी नहीं हुआ कि दिल्ली सरकार और एमसीडी में एक ही पार्टी का नियंत्रण हो।केजरीवाल ने कहा कि बदलाव की जरूरत है। परिवर्तन आवश्यक है। बदलाव के लिए सबसे बड़ा कारण अहंकार है। अगर कोई बदलाव नहीं होता है, तो अहंकार पैदा होता है, ठीक वैसा ही जैसा गुजरात में भाजपा के साथ हुआ है। वे 15 साल से एमसीडी पर राज कर रहे हैं और बदलाव की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि इतने सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ कि दिल्ली सरकार और एमसीडी में एक ही पार्टी हो। आइए इस बार एक दल की सरकार बनाने का प्रयास करें। 

वहीं उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज इलाके में रोड शो किया, जबकि आप सांसद सुशील गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली के करीब 50 वाडरे में डोर-टू-डोर प्रचार किया। कई इलाकों में ई-रिक्शा का जुलूस निकाला गया। सभी विधायकों ने अपने अपने वाडरे में प्रचार किया।

कांग्रेस ने किया रोड शो

शुक्रवार चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी। आज पटपड़गंज गांव में रोड शो में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं ने प्रचार किया, जबकि भलस्वा इलाके में पब्लिक मीटिंग का आयोजन किया गया। रोड शो में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार शामिल हुए। 

उन्होंने यहां के कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में लोगों से वोट देने की अपील की। उनके पीछे बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक ढोल नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए चल रहे थे।

भीड़ को देखकर कांग्रेस प्रत्याशी के चेहरे पर खुशी झलक रही थी।

वहीं दूसरी ओर भलस्वा इलाके में जगह-जगह पब्लिक मीटिंग का आयोजन कर कांग्रेस को वोट देने की अपील की गयी।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment